गैस सिलेंडर चोरी करने वाले गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार, 45 सिलेंडर और 3 बाइक बरामद

0
773aad682679db7f2e8fb3ca207decc4

मुंबई{ गहरी खोज }: मुंबई के पवई इलाके में पुलिस ने एक बड़े गैस सिलेंडर चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी राज चंद्रकांत कांबले (45) समेत उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से कुल 45 गैस सिलेंडर और तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई है, जो मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे के विभिन्न इलाकों से चोरी की गई थीं।
मुंबई पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, हाल के दिनों में खाड़ी देशों में चल रहे संघर्ष के चलते आम नागरिकों में गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर चिंता और असमंजस का माहौल बना हुआ है। ऐसे समय में इस तरह की चोरी की घटनाओं ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी थी।
दरअसल, इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब पवई पुलिस स्टेशन के क्षेत्र में एक दोपहिया वाहन चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई। जांच के दौरान पता चला कि चोरी की गई उसी बाइक का इस्तेमाल कर आरोपियों ने गैस सिलेंडर चुराने की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने स्थानीय सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद ठाणे के वर्तक नगर इलाके में दबिश देकर एक आरोपी को पकड़ा गया, जिसकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोटरसाइकिलें और 45 गैस सिलेंडर बरामद किए, जो अलग-अलग इलाकों से चोरी किए गए थे। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी राज चंद्रकांत कांबले के खिलाफ मुंबई और अन्य पुलिस स्टेशनों में दस से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पवई पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *