क्यूआर कोड स्कैम का पर्दाफाश, शातिर ठग गिरफ्तार

0
bcfc520dbaa1663998edaf6ecda38f72 (1)

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: मध्य जिले के करोल बाग थाना पुलिस ने क्यूआर कोड के जरिए दुकानदारों को ठगी का शिकार बनाने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से ठगी कर हासिल किए गए तीन महंगे आईफोन बरामद किए गए हैं। मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने शुक्रवार को बतया कि एक अप्रैल को गफ्फार मार्केट में नियमित गश्त के दौरान पुलिस टीम को एक युवक संदिग्ध हालत में कई आईफोन बेचने की कोशिश करते हुए मिला। पूछताछ में वह मोबाइल फोन के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। जांच में सामने आया कि आरोपित ने ये आईफोन क्यूआर कोड स्कैम के जरिए ठगी कर हासिल किए थे। एक फोन भजनपुरा क्षेत्र में दर्ज मामले से जुड़ा पाया गया। जबकि दूसरा हरि नगर इलाके में इसी तरह की वारदात से संबंधित निकला। तीसरे फोन के बारे में भी आरोपित कोई वैध जानकारी नहीं दे सका।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान बिहार के मधुबनी निवासी मोहम्मद परवेज (21) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह दुकानदारों को झांसा देकर महंगे सामान खरीदता था और भुगतान के लिए क्यूआर कोड स्कैन करने का नाटक करता था। इसके बाद वह फर्जी पेमेंट स्क्रीनशॉट दिखाकर बिना पैसे दिए ही सामान लेकर फरार हो जाता था। पुलिस के मुताबिक आरोपित भीड़भाड़ वाले बाजारों को निशाना बनाता था, ताकि तुरंत पकड़े जाने का खतरा कम रहे। उसने सिगरेट, मोबाइल फोन समेत कई सामान इसी तरीके से ठगी कर हासिल किए। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन आईफोन बरामद किए हैं। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। साथ ही अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *