युवक की हत्या का मामला चार घंटे में सुलझा, तीन गिरफ्तार
नई दिल्ली{ गहरी खोज }: उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने शालीमार बाग थाना क्षेत्र में हुई हत्या की गुत्थी महज चार घंटे में सुलझाकर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पीसीआर को गुरुवार को हैदरपुर नहर के पास चाकूबाजी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक निक्की उर्फ नितेश (20) को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि पुरानी रंजिश और कहासुनी के चलते आरोपित करण उर्फ तरुण (18) ने अपने साथी मोंटी (22) और एक नाबालिग के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि झगड़े के दौरान करण ने नितेश पर कई बार चाकू से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस टीम ने स्थानीय सूचना तंत्र और तकनीकी निगरानी के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को घटना के महज चार घंटे के भीतर ही दबोच लिया। पूछताछ में आरोपितों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और हत्या के पीछे के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
