नवमी पर पीएम मोदी ने किया मां सिद्धिदात्री को नमन, देशवासियों के लिए मांगा लक्ष्य-सिद्धि का आशीर्वाद

0
full49255

नयी दिल्ली{ गहरी खोज }:आदिशक्ति जगत जननी मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की देशभर में पूजा-अर्चना की जा रही है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मां सिद्धिदात्री को नमन किया है। उन्होंने प्रार्थना की कि देवी मां से कामना है कि वे अपने सभी उपासकों को लक्ष्य-सिद्धि का आशीर्वाद दें।
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ‘संस्कृत सुभाषितम्’ शेयर किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “मां सिद्धिदात्री को नमन। देवी मां से कामना है कि वे अपने सभी उपासकों को लक्ष्य-सिद्धि का आशीर्वाद दें।”उन्होंने ‘संस्कृत सुभाषितम्’ में लिखा, “सिद्धगन्धर्वयक्षाद्यैरसुरैरमरैरपि। सेव्यमाना सदा भूयात् सिद्धिदा सिद्धिदायिनी॥” सुभाषितम्’ का अर्थ है, “सिद्धों, गंधों, यक्षों, असुरों और देवताओं द्वारा भी सदा पूजित होने वाली, सिद्धियां प्रदान करने वाली, माता सिद्धिदात्री हमारा सदा कल्याण करें।”
वहीं, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुर्गा नवमी की शुभकामनाएं देते हुए ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “जगतजननी मां जगदम्बा के नवम स्वरूप, सर्वसिद्धियां प्रदान करने वाली मां सिद्धिदात्री के चरणों में प्रणाम और यही प्रार्थना कि हे मैया, अपने भक्तों पर अपनी असीम कृपा की अनवरत वर्षा करती रहें। हर घर-आंगन धन-धान्य से भरा रहे, सुख, समृद्धि, सौभाग्य के नव पुष्प खिलें, सबका मंगल व कल्याण हो। मैया के श्रीचरणों में यही प्रार्थना करता हूं।”
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा, “जगज्जननी मां दुर्गा के नवम स्वरूप, अष्ट सिद्धि और नौ निधियों की प्रदाता मां सिद्धिदात्री की कृपा से सभी भक्तों के जीवन में सुख, समृद्धि और आरोग्यता का वास हो, चराचर जगत का कल्याण हो, यही प्रार्थना है।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मां सिद्धिदात्री को नमन करते हुए ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “भगवान शिव को भी पूर्णता प्रदान करने वाली मां का यह स्वरूप हमारी अटूट निष्ठा और सेवा भाव को सफलता में परिवर्तित करता है। मां का आशीर्वाद हमें जन-कल्याण के संकल्पों को सिद्ध करने का सामर्थ्य प्रदान करता है। मां सिद्धिदात्री की असीम अनुकंपा से समस्त दिल्लीवासियों के जीवन में सदैव समृद्धि और खुशहाली बनी रहे।”
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी सभी को नवमी पूजन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रार्थना की कि मां सिद्धिदात्री की कृपा सभी पर सदैव बनी रहे। इसके साथ ही, मां हमें शक्ति, बुद्धि और आरोग्य प्रदान करें। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी चैत्र नवरात्रि के नवम दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रार्थना की कि मां सिद्धिदात्री सभी के जीवन में सफलता और समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *