कश्मीर में आतंकी नेटवर्क पर करारा प्रहार, CIK ने लश्कर-ए-तोएबा से जुड़े आतंकी मॉड्यूल की जांच में 10 स्थानों पर छापे मारे
श्रीनगर{ गहरी खोज }: जम्मू-कश्मीर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (सीआईके) ने घाटी में आतंकी नेटवर्क पर करारा प्रहार करते हुए कार्रवाई की है। सीआईके ने पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तोएबा (एलईटी) से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल की जांच के सिलसिले में कश्मीर घाटी में 10 स्थानों पर छापे मारे। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि ये छापे श्रीनगर, शोपियां और गांदरबल जिलों में 10 स्थानों पर मारे गए है। यह कार्रवाई सीआईके पुलिस स्टेशन में दर्ज एक नए आतंकी जांच मामले का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि ये छापे एक अदालत से तलाशी वारंट हासिल करने के बाद मारे गए।
आखिरी रिपोर्ट मिलने के समय ये छापे जारी थे। जानकारी के अनुसार, गांदरबल जिला में छह जगहों पर, शोपियां जिले में तीन जगहों पर और श्रीनगर जिले में एक जगह पर तलाशी ली गई। यह कार्रवाई एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय आतंकी मॉड्यूल से संबंधित है, जिसे कथित तौर पर शब्बीर अहमद लोन नाम का एक व्यक्ति चला रहा है। यह व्यक्ति लश्कर-ए-तोएबा का एक ऑपरेटिव है और मूल रूप से गांदरबल के कंगन इलाके का रहने वाला है, फिलहाल बांग्लादेश में रह रहा है। अधिकारियों ने बताया कि इस मॉड्यूल को कथित तौर पर बांग्लादेश और पाकिस्तान से काम कर रहे आतंकी संगठन के हैंडलरों से निर्देश मिल रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि इन तलाशी अभियानों का मकसद आतंकी नेटवर्क से जुड़े सबूत इक_ा करना था, जिसमें डिजिटल उपकरण, दस्तावेज और अन्य सामग्री शामिल हैं।
