जम्मू-कश्मीर के डोडा में भूकंप के हल्के झटके, 2.2 रही तीव्रता

0
full47268

जम्मू{ गहरी खोज }: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सोमवार तड़के रिक्टर स्केल पर 2.2 तीव्रता का हल्का भूकंप महसूस किया गया। हालांकि, अभी तक किसी के जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भूकंप का झटका सुबह 01:02 बजे (भारतीय समयानुसार) आया। इसका केंद्र 32.95° उत्तरी अक्षांश और 76.06° पूर्वी देशांतर पर 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।
इससे पहले 19 जनवरी को रिक्टर स्केल पर 5.7 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र लेह इलाके में था और इसके झटके लद्दाख और जम्मू-कश्मीर में अलग-अलग तीव्रता से महसूस किए गए थे। स्थानीय मौसम विभाग के निदेशक मुख्तार अहमद ने बताया था कि सुबह 11:51 बजे आए इस भूकंप का निर्देशांक 36.71 उत्तरी अक्षांश और 74.32 पूर्वी देशांतर था। यह पृथ्वी की सतह से 171 किलोमीटर अंदर दर्ज किया गया था। किसी भी क्षेत्र से जानमाल की क्षति की कोई खबर नहीं मिली थी।
लद्दाख क्षेत्र और कश्मीर घाटी के कुछ हिस्से भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में आते हैं, जहां समय-समय पर हल्के और मध्यम तीव्रता के भूकंप दर्ज किए जाते रहे हैं। वर्ष 2005 में 8 अक्टूबर को सुबह 8:50 बजे रिक्टर स्केल पर 7.6 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र मुजफ्फराबाद में था। इस भूकंप ने मुजफ्फराबाद शहर को पूरी तरह तबाह कर दिया था। इसके साथ ही खैबर पख्तूनख्वा के पास स्थित बालाकोट और जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में भी भारी नुकसान हुआ था।
वर्ष 2005 में आए इस भूकंप के झटके अफगानिस्तान, ताजिकिस्तान और शिनजियांग तक महसूस किए गए थे। तीव्रता के लिहाज से यह क्षेत्र का सबसे बड़ा भूकंप नहीं था, लेकिन इसे विनाशकारी आपदाओं में गिना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *