इरविन खन्ना संपादकीय { गहरी खोज }: अंतरराष्ट्रीय स्तर के 14 पूर्व क्रिकेट कप्तानों ने 1992 में विश्व कप विजेता टीम के कप्तान इमरान खान के जेल में बिगड़ते स्वास्थ्य पर चिंता प्रकट करते हुए पाकिस्तान सरकार से अपील की है कि इमरान खान को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनरूप उचित चिकित्सा दी जाए। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों की अपील शीर्षक से पाकिस्तान सरकार को एक पत्र लिखकर इमरान के साथ उचित व्यवहार करने की मांग की गई है। पत्र में कहा गया है, हम अपनी राष्ट्रीय क्रिकेट टीमों के पूर्व कप्तान, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और विश्व क्रिकेट के दिग्गज इमरान खान के साथ कथित व्यवहार और कारावास की स्थितियों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पत्र लिख रहे हैं। इसमें कहा गया है, उनके स्वास्थ्य को लेकर हाल की रिपोर्ट विशेष रूप से हिरासत में रहने के दौरान उनकी दृष्टि में खतरनाक गिरावट और पिछले ढाई वर्षों में उनकी कैद की स्थितियों ने हमें गहरी चिंता में डाल दिया है। पत्र के अनुसार, हम क्रिकेटर निष्पक्ष खेल, सम्मान और आदर के मूल्यों को समझते हैं जो किसी तरह की सीमा से परे हैं। हम मानते हैं कि इमरान खान जैसे व्यक्ति के साथ एक पूर्व राष्ट्रीय नेता और एक वैश्विक खेल आइकन के तौर पर गरिमा और मानवीय सम्मान के साथ व्यवहार किया जाना चाहिए। इस पत्र पर भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर और कपिल देव सहित माइकल एथरटन, एलन बार्डर, माइकल ब्रेयरली, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, डेविड गावर, किम ह्यूज, नासिर हुसैन, क्लाइव लायड, स्टीव वा और जान राइट ने भी हस्ताक्षर किए हैं। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को 2023 में भ्रष्टाचार के एक मामले में 14 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। पत्र में पूर्व कप्तानों ने 73 वर्षीय खान के लिए उचित चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने, पारदर्शी कानूनी प्रक्रियाओं और सम्मानजनक व्यवहार की मांग की है। पत्र में कहा गया है, हम पाकिस्तान सरकार से विनम्र निवेदन करते हैं कि वह यह सुनिश्चित करे कि इमरान खान को उनकी कथित स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान के लिए उनकी पसंद के योग्य विशेषज्ञों से तत्काल, पर्याप्त और निरंतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाए। पत्र के अनुसार, क्रिकेट हमेशा से ही देशों के बीच एक सेतु का काम करता रहा है। मैदान पर हमारा साझा इतिहास हमें याद दिलाता है कि मैच समाप्त होने के साथ ही प्रतिद्वंद्विता समाप्त हो जाती है और सम्मान कायम रहता है। इमरान खान ने अपने पूरे करियर में इसी भावना को मूर्त रूप दिया। पत्र में अधिकारियों से शालीनता और न्याय के सिद्धांतों को बनाए रखने अपील की गई है। इन पूर्व कप्तानों ने कहा, यह अपील खेल भावना और मानवता की भावना से प्रेरित होकर की जा रही है और इसका कानूनी कार्यवाही पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। पत्र में इमरान खान के क्रिकेटर और राजनीतिज्ञ के रूप में योगदान का भी जिक्र किया गया है। इसमें कहा गया है, इमरान खान के खेल में योगदान की हर जगह प्रशंसा की जाती है। एक कप्तान के रूप में उन्होंने पाकिस्तान को 1992 के क्रिकेट विश्व कप में ऐतिहासिक जीत दिलाई। यह एक ऐसी जीत थी जो कौशल, दृढ़ता, नेतृत्व और खेल भावना पर आधारित थी, जिसने कई पीढ़ियों को प्रेरित किया। पत्र के अनुसार, हममें से कई लोगों ने उनके खिलाफ प्रतिस्पर्धा की, उनके साथ मैदान साझा किया या उनकी सर्वांगीण प्रतिभा और प्रतिस्पर्धी भावना को अपना आदर्श मानकर बड़े हुए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्रिकेट जगत में अपने योगदान कारण उपरोक्त सभी खिलाड़ियों ने क्रिकेट इतिहास में अपनी विशेष पहचान बनाई है। क्रिकेट के माननीयों पूर्व कप्तानों ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए जो मानवीय पहल की है वह सराहनीय है। इमरान खान द्वारा पाकिस्तान को क्रिकेट जगत में विशेष पहचान देने में एक महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई गई है। इमरान खान के इस योगदान को ध्यान में रखते हुए तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर के 14 पूर्व क्रिकेट कप्तानों द्वारा की गई अपील को पाकिस्तान सरकार मानवीय दृष्टि से लेगी यह पाकिस्तान की वर्तमान राजनीतिक स्थितियों को देखते हुए मुश्किल दिखाई देता है, पर पाकिस्तान को पूर्व कप्तानों की अपील को मानवीय दृष्टि से लेते हुए उचित कदम उठाने चाहिए, इससे पाकिस्तान सरकार की साख व छवि पर सकारात्मक प्रभाव ही पड़ेगा।