प्रधानमंत्री 19 फरवरी को इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट का करेंगे उद्घाटन

0
f2228ea700ee6a1d99b1e915dc7a24ae

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार को यहां भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि उद्घाटन समारोह सुबह लगभग 9:40 बजे होगा, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी के साथ फ्रांस के राष्ट्रपति, संयुक्त राष्ट्र महासचिव और कई शीर्ष उद्योगपति शामिल होंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री अन्य वैश्विक नेताओं के साथ इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो का दौरा करेंगे और विभिन्न देशों के पवेलियन देखेंगे।
दोपहर 12 बजे से शुरू होने वाले नेताओं के पूर्ण सत्र में प्रधानमंत्री मौजूद रहेंगे। इसमें राष्ट्राध्यक्ष, मंत्री और बहुपक्षीय संस्थानों के वरिष्ठ प्रतिनिधि कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर राष्ट्रीय और वैश्विक प्राथमिकताओं की रूपरेखा तय करेंगे। शाम 5:30 बजे प्रधानमंत्री सीईओ गोलमेज सम्मेलन में शामिल होंगे, जहां वैश्विक उद्योग जगत और तकनीकी कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी निवेश, अनुसंधान सहयोग और एआई प्रणालियों की तैनाती पर चर्चा करेंगे।
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट की थीम “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” यानी सभी का कल्याण और सभी की प्रसन्नता है। इसके तीन प्रमुख स्तंभ मनुष्य, पृथ्वी और प्रगति हैं। सम्मेलन में सात कार्यकारी समूह बनाए गए हैं, जो एआई के विभिन्न क्षेत्रों में ठोस परिणाम देने पर काम करेंगे। इस समिट में 500 से अधिक वैश्विक एआई विशेषज्ञ, 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्ष और सरकार प्रमुख, लगभग 60 मंत्री और उपमंत्री, 100 सीईओ और संस्थापक, 150 शिक्षाविद और शोधकर्ता तथा 400 तकनीकी अधिकारी भाग लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *