यूएई के लिये अच्छा सबक रहा यह टी20 विश्व कप : यासिर अराफात

0
sder4ew32

नयी दिल्ली{ गहरी खोज }: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 विश्व कप के आखिरी ग्रुप मैच में छह विकेट से हार के बाद संयुक्त अरब अमीरात के गेंदबाजी कोच यासिर अराफात ने बुधवार को कहा कि उनके बल्लेबाजों के लिये बेहतरीन तेज गेंदबाजों को खेलना अच्छा सबक रहा । यूएई को छह विकेट पर 122 रन पर समेटने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने 13 . 2 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया । दक्षिण अफ्रीका के लिये कोर्बिन बॉश ने तीन और एनरिच नॉर्किया ने दो विकेट लिये ।
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज और विश्व कप के लिये यूएई टीम से जुड़े अराफात ने मैच के बाद कहा ,‘‘ दक्षिण अफ्रीका के पास बेहतरीन गेंदबाजी आक्रमण है और वे चार तेज गेंदबाजों को लेकर उतरे थे । हमारे बल्लेबाजों के लिये यह नया और अच्छा सबक रहा कि विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में उन्होंने इतने बेहतरीन तेज गेंदबाजों को खेला ।’’
उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट में उन्हें बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी । यूएई ने कनाडा पर एकमात्र जीत दर्ज की जबकि न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका से उसे पराजय का सामना करना पड़ा । अराफात ने कहा ,‘‘ हमारे बल्लेबाजों ने अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं किया लेकिन हर मैच में किसी एक खिलाड़ी ने जिम्मेदारी ली । अगर हर मैच में दो या तीन खिलाड़ी जिम्मेदारी लेते तो प्रदर्शन बेहतर हो सकता था ।’’ उन्होंने कहा,‘‘ बल्लेबाजी ईकाई या गेंदबाजी ईकाई के रूप में खेलना अहम था और यही टीम के लिये सबक था ।’’
यह पूछने पर कि क्या दिल्ली में सुबह हल्की बूंदाबांदी और अचानक ठंड की वापसी से फर्क पड़ा , उन्होंने कहा ,‘‘ मौसम से फर्क तो पड़ता है । हम भी टॉस जीतते तो पहले गेंदबाजी ही चुनते । लेकिन गेंद बल्ले पर सीधी ही आ रही थी और गीली नहीं हुई थी लिहाजा बारिश का बहुत फर्क नहीं पड़ा ।’’ उन्होंने टी20 प्रारूप में गेंदबाजों की भूमिका के बारे में पूछने पर 2007 में पहला टी20 विश्व कप फाइनल खेलने वाली पाकिस्तानी टीम के सदस्य रहे इस पूर्व गेंदबाज ने कहा ,‘‘अब दुनिया भर में टी20 लीग हो रही है और यह प्रारूप बल्लेबाजों का मददगार है । बाउंड्री छोटी है और गेंदबाजों के लिये बहुत गुंजाइश नहीं रहती ।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ 2007 टी20 विश्व कप में 130 . 140 भी मैच जिताने वाला स्कोर था लेकिन आजकल 200 रन तक बन रहे हैं ।’’ भारतीय टीम को हर विभाग में मजबूत बताते हुए उन्होंने कहा कि तीनों विभाग में मजबूत टीम ही खिताब जीत सकेगी ।
उन्होंने कहा ,‘‘ आस्ट्रेलिया का बाहर होना हैरानी भरा है । भारत और श्रीलंका की पिचें स्पिनरों की मददगार है । भारत की गेंदबाजी ही नहीं , पूरी टीम ही बहुत मजबूत है । पाकिस्तानी टीम श्रीलंका में खेल रही है और उसके पास भी अच्छे स्पिनर हैं और श्रीलंका भी अच्छा खेल रही है लेकिन मेरा मानना है कि तीनों विभाग में संतुलित टीम के लिये ही खिताब जीतने का मौका है ।’’
भारत से पिछला मैच हारने वाले पाकिस्तान के प्रदर्शन के बारे में अराफात ने कहा ,‘‘अगर आप अच्छा नहीं खेलेंगे तो कैसे जीतेंगे , चाहे कोई भी टीम हो । आस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रृंखला में पाकिस्तान अच्छा खेला लेकिन नीदरलैंड के खिलाफ विश्व कप के मैच में खराब खेले ।फहीम अशरफ की अच्छी पारी नहीं होती तो मुश्किल हो सकती थी ।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ पाकिस्तानी टीम जिन पहलुओं में मजबूत थी, अब दिख नहीं रही है लेकिन टी20 प्रारूप ऐसा है कि दो तीन खिलाड़ी भी अच्छा खेल दें तो टीम वापसी कर सकती है ।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *