छत्तीसगढ़ कैबिनेट बैठक : होली से पहले किसानों को मिलेगा धान का एकमुश्त पैसा

0
0b3874136607e0dff70168437c6752cb_1301308759
  • 25 लाख किसानों को 10 हजार करोड़ का भुगतान करेगी सरकार

रायपुर{ गहरी खोज }: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज बुधवार काे मंत्रालय महानदी भवन में मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों के हित में बड़ा निर्णय लिया गया है। राज्य में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रूपये प्रति क्विंटल के मान से अंतर की राशि होली पर्व से पहले एकमुश्त भुगतान किया जाएगा।
कैबिनेट बैठक के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण को मंजूरी प्रदान की गई। इसके साथ ही आगामी बजट प्रक्रिया से जुड़े विनियोग विधेयक 2026 के प्रारूप को भी स्वीकृति दे दी गई है, जिसे राज्य की वित्तीय दिशा तय करने वाला अहम कदम माना जा रहा है।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है। कृषक उन्नति योजना के तहत छत्तीसगढ़ सरकार धान के मूल्य के अंतर की राशि का भुगतान करेगी। लगभग 10 हजार करोड़ रूपये का भुगतान होली पर्व से पहले एकमुश्त किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ के बजट सत्र से पहले यह बैठक महत्वपूर्ण थी। राज्य सरकार की तरफ से चलाई जा रही प्रमुख योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी मंत्रिपरिषद के सामने रखी गई। जिन योजनाओं के लिए अतिरिक्त बजटीय प्रावधान की आवश्यकता है, उन पर भी विचार-विमर्श किया गया।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत राज्य के किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीद 3100 रूपये प्रति क्विंटल के मान से की जा रही है, जो देश में सर्वाधिक है। बीते दो वर्षाें में कृषक उन्नति योजना के तहत राज्य के किसानों को धान के मूल्य के अंतर के रूप में 25 हजार करोड़ रूपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। इस साल होली से पूर्व किसानों को 10 हजार करोड़ रूपये का भुगतान होने से यह राशि बढ़कर 35 हजार करोड़ रूपये हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *