चिकित्सक डॉ अशोक मिस्त्री हत्याकांड का उद्भेदन,नौ अपराधी गिरफ्तार
नवादा{ गहरी खोज }: नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र अंतर्गत गोडीहरी गांव निवासी ग्रामीण चिकित्सक डॉ अशोक मिस्त्री की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कांड का उद्भेदन कर लिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने नौ अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। एक आरोपित अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने बताया कि 22 जनवरी 2026 की रात डॉ अशोक मिस्त्री की हत्या महज लूट की नीयत से की गई थी। हत्यारों को यह भ्रम था कि चिकित्सक के पास काफी धनराशि रहती है, जिसे वे उसकी हत्या कर उसके मोबाइल फोन के माध्यम से खाते से निकाल सकते हैं।
एसपी ने बताया कि गोडीहरी गांव निवासी आलोक कुमार और उसके मित्र टिंकू कुमार ने एक नाबालिग के सहयोग से इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। 22 जनवरी की रात जब डॉ अशोक मिस्त्री अपने घर लौट रहे थे, तभी आरोपियों ने उन्हें रास्ते में पकड़ लिया और खेत में ले जाकर गला रेतकर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद पहचान मिटाने के उद्देश्य से शव पर डीजल डालकर उसे जला दिया गया।
इस हत्याकांड के खुलासे के लिए सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हुलास कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टास्क फोर्स (STF) का गठन किया गया था। तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को बड़ी सफलता मिली। जांच में सामने आया कि मृतक के मोबाइल फोन के माध्यम से उसके बैंक खाते से 99 हजार रुपये और 6 हजार रुपये की अवैध निकासी की गई थी। यह ट्रांजैक्शन पंजाब से किया गया था।
ट्रांजैक्शन में प्रयुक्त खाते के धारक तबरेज को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पूछताछ में तबरेज ने आलोक कुमार, टिंकू कुमार समेत अन्य सहयोगियों के नाम उजागर किए। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अपराधियों के पास से मृतक का बैग, घर की चाबी और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। वहीं, डॉ अशोक मिस्त्री की मोटरसाइकिल भी जल्द बरामद किए जाने की बात पुलिस ने कही है। अपराधियों ने अपने ठिकानों की जानकारी पुलिस को दे दी है।
पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने बताया कि डॉ अशोक मिस्त्री सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते थे और जरूरतमंदों की मदद के लिए खुलकर खर्च करते थे। इसी कारण अपराधियों को यह शंका हुई कि उनके पास काफी धनराशि है। इसी लालच ने उन्हें इस अमानवीय अपराध की ओर धकेल दिया। एसपी ने स्पष्ट किया कि फरार आरोपी को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में स्पीडी ट्रायल की प्रक्रिया अपनाई जाएगी, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।
