सपा विधायक का एसआईआर में गड़बड़ी का आरोप, जिलाधिकारी को लिखा पत्र

0
2c1ea6f46a44ad4027054f16cf08d81a

कानपुर{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के कानपुर की आर्यनगर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेयी ने मतदाता सूची से नाम काटे जाने को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी को लिखा पत्र सोशल मीडिया पर वायरल किया है। पत्र में उनके द्वारा भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइंस का उल्लंघन होने का दावा किया गया है।
विधायक द्वारा सोमवार को सोशल मीडिया वायरल किए गए पत्र में बताया गया कि निर्वाचन आयोग के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद मतदाता सूची से नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से नहीं की जा रही है। आरोप है कि बिना पूर्व सूचना दिए और कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर जानकारी चस्पा किए बिना ही मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं, जो नियमों के खिलाफ है।
विधायक ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में बड़ी संख्या में फॉर्म संख्या-7 जमा कराए जा रहे हैं, जबकि नियमों के अनुसार एक व्यक्ति एक दिन में अधिकतम पांच फॉर्म ही जमा कर सकता है और किसी राजनीतिक दल द्वारा एक दिन में दस से अधिक फॉर्म जमा नहीं किए जा सकते। इसके अलावा हर फॉर्म के साथ शपथ पत्र लगाना अनिवार्य है, लेकिन इसका पालन नहीं हो रहा है। आरोप लगाया गया है कि मतदान केंद्रों पर बाहरी व्यक्तियों के माध्यम से सैकड़ों फॉर्म भरवाकर बीएलओ और सुपरवाइजर पर दबाव बनाकर जमा कराए जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी के बीएलए और कार्यकर्ताओं ने ऐसे कई फॉर्म पकड़े हैं, जिसको लेकर संबंधित लोगों के फोन भी आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *