विकास,सेवा और समृद्वि संकल्प के साथ मंत्री पंवार ने दी 3 करोड़ 96 लाख की सौगात
राजगढ़{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने रविवार को राजगढ़ जिले के ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र के छह ग्राम पंचायतों में लगभग 3 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से पूर्ण एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इनमें सामुदायिक भवन, चेक डेम, पुलिया निर्माण, नाली निर्माण, टीनशेड, तालाब निर्माण, सीसी रोड़ सहित विभिन्न विकास कार्य शामिल है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री पंवार ने कहा कि हम खेती-किसानी से जुड़े लोग है और किसानों की जरुरतों को भली-भांति समझते है। आज केन्द्र और प्रदेश सरकार किसानों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। मंत्री पंवार ने जैविक खेती के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देशभर में प्राकृतिक और जैविक खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे न केवल किसानों की लागत कम हो रही है, बल्कि स्वस्थ उत्पादन के साथ बाजार में बेहतर मूल्य भी मिल रहा है।
शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए मंत्री पंवार ने कहा कि शिक्षा के स्तर में अभूतपूर्व सुधार देखने को मिल रहा है। सरकार द्वारा नवीन विद्यालय भवनों का निर्माण, सांदीपनि विद्यालय, अतिरिक्त कक्षाओं की व्यवस्था, स्मार्ट क्लास, डिजीटल शिक्षा, प्रयोगशाला, पुस्तकालय और खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना, छात्रवृत्ति योजना, लेपटाॅप एवं साइकिल वितरण, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक और गणवेश वितरण जैसी योजनाओं से गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों को आगे बढ़ने का समान अवसर मिल रहा है। मंत्री पंवार ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के कारण प्रदेश में चहुंमुखी विकास हो रहा है।
उन्होंने जिले की बड़ी विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मोहनपुरा डेम, कुंडालिया डेम, सुठालिया परियोजना और पार्वती परियोजना से क्षेत्र में जल उपलब्धता में अभूतपूर्व वृद्वि हुई है। इससे सिंचाई का रकवा बढ़ा, कृषि को मजबूती मिली, किसान समृद्व हुआ और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त बनी। कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री बद्रीलाल यादव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिलवर यादव, जिला उपाध्यक्ष इंदरसिंह लववंशी, नारायणसिंह सालरियाखेड़ी, रामनारायण दांगी, मंडल अध्यक्ष राजू यादव, नायब तहसीलदार विनय रजक, एसडीओ प्रवीण भील सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।
