दिल्ली के मटियाला में मुख्यमंत्री ने 400 करोड़ के विकास कार्यों का किया शिलान्यास

0
faaa8a7eb7c38db6a2423ac4900718af

नई दिल्ली{ गहरी खोज },: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मटियाला विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए कभी फंड की कमी नहीं होने दी जाएगी। ये शिलान्यास केवल ईंट और पत्थर का प्रतीक नहीं है, बल्कि क्षेत्र के नागरिकों के विश्वास, सुविधाओं और बेहतर जीवन की मजबूत नींव है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने मटियाला विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 400 करोड़ का बजट स्वीकृत किया है। इससे इस क्षेत्र के विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य विकास को कागजों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उसे जमीन पर उतारकर हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। इस अवसर पर पश्चिमी दिल्ली से सांसद कमलजीत सहरावत, मटियाला के विधायक संदीप सहरावत, नजफगढ़ जोन से एमसीडी चेयरमैन सविता शर्मा मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के अंतर्गत सड़कों, नालियों, ड्रेनेज सिस्टम, पार्कों, सामुदायिक स्थलों और नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से जुड़े अनेक कार्य किए जाएंगे। ग्रामीण और शहरी इलाकों को जोड़ने वाले मार्गों के निर्माण से क्षेत्र में कनेक्टिविटी बेहतर होगी, जिससे आवागमन सुगम बनेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों के उत्थान पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्र में कई नए आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं। इससे स्थानीय लोगों को घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। मटियाला में दो अटल कैंटीन भी शुरू की गई हैं। यहां मात्र 5 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। यह सुविधा गरीब, श्रमिक और जरूरतमंद वर्ग के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। इसके अलावा क्षेत्र के आसपास के गांवों में नई पाइप लाइन और ट्यूबवेल की स्थापना से जल आपूर्ति को सुदृढ़ किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को पानी की समस्या से राहत मिलेगी।
उन्होंने पिछली सरकार पर तंज करते हुए कहा कि वर्षों तक ग्रामीण क्षेत्रों को केवल घोषणाओं और वादों में उलझाए रखा गया। उन्होंने न गांवों की बुनियादी जरूरतों पर ध्यान दिया और न ही विकास योजनाओं को जमीन पर उतारा। इसकी वजह से सड़कें जर्जर होती चली गईं, जल निकासी और सीवर जैसी मूलभूत सुविधाएं उपेक्षित रहीं और गांवों को विकास की मुख्यधारा से काटकर रख दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान की दिल्ली सरकार का विजन केवल बड़े प्रोजेक्ट्स तक सीमित नहीं है, बल्कि गली, मोहल्ले और गांव स्तर तक विकास पहुंचाना है। मटियाला में शुरू की गई ये परियोजनाएं इसी सोच का उदाहरण हैं, जहां बुनियादी ढांचे के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता और कनेक्टिविटी पर समान रूप से ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इन कार्यों के पूरा होने से मटियाला विधानसभा क्षेत्र विकास, सुविधा और विश्वास का एक सशक्त मॉडल बनकर उभरेगा। सरकार जनता के सहयोग से दिल्ली को आधुनिक, समावेशी और आत्मनिर्भर राजधानी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *