लापता मर्चेंट नेवी ऑफिसर को लेकर भारत ने मेडागास्कर से साधा संपर्क

0
bd95cb130e578790a077a1c110f60cee

भुवनेश्वर{ गहरी खोज }: समुद्री यात्रा के दौरान रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए मर्चेंट नेवी ऑफिसर सार्थक महापात्र के मामले में भारत सरकार ने कूटनीतिक स्तर पर हस्तक्षेप करते हुए मेडागास्कर के संबंधित अधिकारियों से संपर्क साधा है। भद्रक से सांसद अभिमन्यु सेठी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मेडागास्कर की राजधानी एंटानानारिवो स्थित भारतीय दूतावास ने उन्हें सूचित किया है कि वहां की सरकार को इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की औपचारिक जानकारी दे दी गई है और आवश्यक कदम शीघ्र उठाने का अनुरोध किया गया है। सांसद ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय मिशन ने मेडागास्कर के कोस्ट गार्ड और समुद्री आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को भी इस मामले से अवगत करा दिया है और उनसे लगातार संपर्क में है।
ओडिशा के भद्रक जिले के केसपुर गांव निवासी सार्थक महापात्र के समुद्र में लापता होने की घटना के बाद शुक्रवार को अभिमन्यु सेठी ने इस मामले में विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर से मिल कर त्वरित हस्तक्षेप के लिए अनुरोध किया था। परिजनों ने भी केंद्र और राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
परिजनों के अनुसार, सार्थक जुलाई 2025 से एक निजी शिपिंग कंपनी में कार्यरत था। उनकी मां रश्मिता महापात्र ने बताया कि वह जिस जहाज पर कार्यरत था, वह चीन से पश्चिम अफ्रीका की ओर गया था। इसके बाद सिंगापुर होते हुए चीन वापस लौटने की दिशा में था। उन्होंने बताया कि सार्थक ने 2 फरवरी को मुझसे और परिवार के अन्य सदस्यों तथा दोस्तों से बात की थी। इसके बाद उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि परिवार इस घटना से बेहद आहत है और केंद्र व राज्य सरकार से अपील करता है कि उनके बेटे को सुरक्षित ढूंढने और घर वापस लाने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *