फरार वारंटियों पर रायगढ़ पुलिस का महाअभियान,48 घंटे में 214 गिरफ्तार
रायगढ़{ गहरी खोज }: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए 48 घंटे का विशेष महा अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में एक साथ टीमों ने दबिश देकर कुल 214 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए सभी वारंटियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है। पुलिस की इस समन्वित कार्रवाई से लंबे समय से लंबित प्रकरणों में बड़ी सफलता मिली है।
अभियान की गंभीरता को देखते हुए पुलिस दलों ने न केवल जिले के भीतर बल्कि प्रदेश के अन्य जिलों और राज्य के बाहर तक जाकर वारंटियों की पतासाजी की। कई आरोपित वर्षों से पहचान बदलकर रह रहे थे, जिन्हें तकनीकी सूचना और मुखबिर तंत्र की मदद से पकड़कर रायगढ़ लाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरारी काट रहे किसी भी आरोपित को अब कानून से बचने का अवसर नहीं मिलेगा।
इस विशेष अभियान में तमनार पुलिस ने सर्वाधिक उपलब्धि हासिल करते हुए 26 स्थायी एवं 2 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। इसी क्रम में वर्ष 2004 के मारपीट व चोरी प्रकरण में फरार चल रहे वारंटी साधुराम राठिया को 22 वर्ष बाद गिरफ्तार किया गया। आरोपित पंजाब में छिपकर रह रहा था और गांव लौटने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर उसे दबोच लिया, जो अभियान की बड़ी कामयाबी रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने कड़ा संदेश दिया है कि अपराध कर छिपने वाला कोई भी व्यक्ति सुरक्षित नहीं रहेगा। थाना एवं चौकीवार तामील की गई वारंटों की संख्या भी उत्साहजनक रही, जिससे यह साबित हुआ कि रायगढ़ पुलिस फरार अपराधियों के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
