संग्रहालय बना बच्चों के लिए ‘लर्निंग लैब’, 700 विद्यार्थियों ने संस्कृति को समझा

0
Strong-Museum-drone-700

अल्फा जनरेशन को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता: जयवीर सिंह

लखनऊ{ गहरी खोज }: भविष्य की अल्फा जनरेशन (2010 से 2024 के बीच जन्मे) को भारतीय कला, संस्कृति और विरासत से प्रारंभिक स्तर पर जोड़ने के उद्देश्य से संस्कृति विभाग द्वारा एक सार्थक पहल की गई। सरकार द्वारा बच्चों की सोच, समझ और संस्कार निर्माण पर अभी से ध्यान केंद्रित करते हुए राज्य संग्रहालय, लखनऊ में निजी विद्यालयों की कक्षा 1 तक की लगभग 700 छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए विशेष संग्रहालय भ्रमण का आयोजन किया गया। भ्रमण के दौरान बच्चों के लिए बाल गतिविधि आधारित एक्टिविटी कार्ड के माध्यम से रोचक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिससे उन्होंने खेल-खेल में ज्ञान अर्जित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को सूक्ष्म जलपान, पेंसिल, स्केच पेन एवं सहभागिता प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने राज्य संग्रहालय के इस प्रयास की सराहना करते हुए बताया कि, इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में सांस्कृतिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ उन्हें समाज और पर्यावरण के प्रति भी जागरूक बनाती हैं। उन्होंने कहा कि आज की अल्फा जनरेशन डिजिटल युग में तेजी से आगे बढ़ रही है, ऐसे में उन्हें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। मंत्री ने कहा कि प्रारंभिक उम्र में मिला संस्कार ही भविष्य के जिम्मेदार नागरिक का निर्माण करता है और इसी सोच के तहत सरकार शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक जागरूकता को भी समान महत्व दे रही है।
उत्तर प्रदेश संग्रहालय निदेशालय की निदेशक डॉ. सृष्टि धवन ने कहा कि संग्रहालय केवल पुरानी वस्तुओं को देखने का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों के लिए सीखने, समझने और सोचने का जीवंत मंच है। आने वाले समय में भी राज्य संग्रहालय द्वारा विद्यालयी छात्रों के लिए इस प्रकार के नवाचारी और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझते हुए भविष्य की ओर आगे बढ़ सके। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश संग्रहालय निदेशालय की निदेशक डॉ. सृष्टि धवन, सहायक निदेशक डॉ. मीनाक्षी खेमका, विनय कुमार सिंह, निदेशक, राज्य संग्रहालय सहित संग्रहालय के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *