दिल्ली में खालिस्तानी नारे लिखने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

0

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 26 जनवरी से ठीक पहले माहौल बिगाड़ने की साजिश रचने वाले दो आरोपियों पर दिल्ली पुलिस ने शिकंजा कसा है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और रोहिणी जिले की संयुक्त टीम ने दोनों आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने दिल्ली में दो अलग-अलग जगहों पर ‘प्रो-खालिस्तान’ और ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ जैसे नारे लिखकर अशांति फैलाने की कोशिश की थी। जांच में यह सामने आया है कि इस पूरी साजिश के तार विदेश से जुड़े हुए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कनाडा में बैठे खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने इस साजिश को रचा था। पन्नू के एक करीबी ने बलजिंदर और रोहित उर्फ कीरथ को इस काम के लिए हायर किया था।
दोनों आरोपियों को दो लाख रुपए का लालच देकर दिल्ली में खालिस्तान समर्थक नारे लिखवाए गए थे। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी बलजिंदर दिल्ली में एम्बुलेंस चालक के तौर पर काम करता है, जबकि रोहित उसका करीबी साथी है। 26 जनवरी से पहले राजधानी में तनाव का माहौल बनाने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने के उद्देशय से पन्नू ने यह साजिश रची थी। फिलहाल दोनों आरोपियों से पुलिस की पूछताछ जारी है।
साथ ही, पुलिस को आशंका है कि पन्नू के कुछ और करीबी लोग भी इस नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है। आपको बताते चलें, दिल्ली पुलिस ने 23 जनवरी को गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ 26 जनवरी को राजधानी में अशांति फैलाने की कथित धमकियों के आरोप में एफआईआर दर्ज की थी। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196, 197, 152 और 61 के तहत एफआईआर दर्ज की थी। ये प्रावधान आपराधिक साजिश, भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाले कृत्यों और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाले अन्य अपराधों से संबंधित हैं।
यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हुए एक वीडियो के बाद शुरू की गई थी, जिसमें पन्नू ने कथित तौर पर गणतंत्र दिवस के आसपास दिल्ली को निशाना बनाने की धमकियां दी थीं। वीडियो में पन्नू ने दावा किया कि रोहिणी और डाबरी जैसे इलाकों में तथाकथित स्लीपर सेल के जरिए खालिस्तान समर्थक पोस्टर चिपकाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *