ब्रिटेन के केंद्रीय बैंक ने नीतिगत दर को 3.75 प्रतिशत पर स्थिर रखा

0
dfvredsxz

लंदन{ गहरी खोज }: ब्रिटेन के केंद्रीय बैंक ने बृहस्पतिवार को अपनी प्रमुख ब्याज दर को 3.75 प्रतिशत पर स्थिर बनाए रखने की घोषणा की। यह फैसला मुद्रास्फीति के लक्ष्य से ऊपर बने होने और आर्थिक वृद्धि में सुधार के संकेतों के बीच किया गया है। बैंक ऑफ इंग्लैंड की नौ-सदस्यीय मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) ने रेपो दर को स्थिर रखने का फैसला बहुमत से किया। समिति के पांच सदस्य दर अपरिवर्तित रखने के पक्ष में थे जबकि चार सदस्य इसमें 0.25 प्रतिशत की कटौती चाहते थे। ब्रिटिश केंद्रीय बैंक के गवर्नर एंड्रयू बेली ने कहा, ‘‘वसंत ऋतु तक महंगाई दर के लक्ष्य के करीब आने की उम्मीद है। यदि हालात अनुकूल रहते हैं तो इस साल दरों में और कटौती की गुंजाइश होनी चाहिए।’’ पिछले 18 महीनों में बैंक ऑफ इंग्लैंड ने धीरे-धीरे ब्याज दरों में कटौती की है। आखिरी बार दिसंबर में ब्याज दर घटाई गई थी। इस फैसले के साथ जारी आर्थिक अनुमानों के मुताबिक, आने वाले महीनों में मुद्रास्फीति दर दो प्रतिशत के लक्ष्य पर लौट सकती है। फिलहाल ब्रिटेन में खुदरा मुद्रास्फीति 3.4 प्रतिशत पर बनी हुई है। ब्याज दर कम होने से आमतौर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है क्योंकि इससे कर्ज सस्ता होता है, उपभोक्ता खर्च बढ़ता है और कारोबारी निवेश को प्रोत्साहन मिलता है। हालांकि, इससे कीमतों पर दोबारा दबाव बनने का जोखिम भी रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *