मिजोरम भाजपा के नेताओं ने जितेन्द्र सिंह से की मुलाकात

0
ee002c9b96598659d0386ef840f18a4b

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: भारतीय जनता पार्टी की मिज़ोरम इकाई के अध्यक्ष डॉ. के. बेइचुुआ के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह से यहां मुलाकात की और सामुदायिक स्तर की विकास पहलों के लिए सहयोग की मांग को लेकर उनको ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में राज्य में सामाजिक विकास से जुड़ी कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) परियोजनाओं पर विचार किए जाने का अनुरोध किया गया है। डॉ. जितेंद्र सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और परियोजना के उद्देश्यों तथा लक्षित लाभार्थियों से संबंधित बिंदुओं का संज्ञान लिया। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि सीएसआऱ से जुड़े प्रस्ताव स्थानीय आवश्यकताओं पर आधारित, सुविचारित तथा निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुरूप होने चाहिए। निर्धारित मानकों के तहत लागू की गई सीएसआर की पहल विकासोन्मुख गतिविधियों में सकारात्मक भूमिका निभाती हैं।
यह ज्ञापन पूर्वोत्तर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों द्वारा केंद्र सरकार और सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों के साथ विकास से जुड़ी पहलों पर सतत संवाद के प्रयासों को दर्शाती है। साथ ही यह भी रेखांकित करती है कि सीएसआर, सरकारी योजनाओं के साथ-साथ सामाजिक कल्याण और क्षेत्रीय विकास को आगे बढ़ाने का एक पूरक माध्यम है।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने दोहराया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पूर्वोत्तर क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। प्रधानमंत्री के रूप में मोदी मिज़ोरम सहित पूर्वोत्तर क्षेत्र का लगभग 80 बार दौरा कर चुके हैं, जो संभवतः उनके सभी पूर्ववर्तियों द्वारा किए गए कुल दौरों से भी अधिक है। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा के प्रदेश महामंत्री डेल्सन भी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *