सिलीगुड़ी-बैरकपुर में अमित शाह ने ममता सरकार के भ्रष्टाचार, घुसपैठ और प्रशासनिक विफलता पर उठाए सवाल

0
a008d19dd4cf4fc8d36bc6a81ec7ddce

कोलकाता/सिलीगुड़ी{ गहरी खोज }: केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर भ्रष्टाचार, प्रशासनिक विफलता, राजनीतिक हिंसा और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर हमला बोला। उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर और सिलीगुड़ी में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलनों को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि यदि बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है, तो ममता बनर्जी शासन के दौरान हुए सभी भ्रष्टाचार मामलों की जांच उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाएगी और दोषियों को जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार पूरी तरह संस्थागत हो चुका है और आम जनता इसकी भारी कीमत चुका रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में टीएमसी का सफाया तय है।
आनंदपुर वेयरहाउस अग्निकांड का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि टीएमसी सरकार की आपराधिक लापरवाही और भ्रष्टाचार का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बिना एनओसी के आर्द्रभूमि पर गोदाम बनाए गए थे, अंदर से गोदाम बंद था और इसी वजह से कई लोग जिंदा जल गए। शाह ने सवाल उठाया कि अब तक फैक्ट्री मालिक की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई और क्या इसकी वजह सत्तारूढ़ दल से उनकी नजदीकी है?
अमुत शाह ने कहा कि इस घटना में 25 नागरिकों की मौत हो चुकी है और 27 लोग अभी भी लापता हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 32 घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंचीं, जो बेहद शर्मनाक है। साथ ही पीड़ित परिवारों से मिलने गए भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने अत्याचार किया।
शाह ने कहा कि बंगाल, ‘वंदे मातरम्’ की जन्मभूमि, लेकिन आज उसी की अस्मिता पर हमला हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वंदे मातरम् के 150वें वर्ष में संसद में टीएमसी सांसदों ने इसका विरोध किया। शाह ने सवाल उठाया कि क्या वोट बैंक की राजनीति के लिए बंगाल की पहचान कमजोर की जा रही है और क्या जनता इसे स्वीकार करेगी?
अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर अमित शाह ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताया। उन्होंने कहा कि कलकत्ता उच्च न्यायालय की टिप्पणी के बावजूद राज्य सरकार सीमा सुरक्षा बल को जमीन नहीं दे रही है। शाह ने आरोप लगाया कि घुसपैठियों को राजनीतिक संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने ऐलान किया कि भाजपा की सरकार बनते ही 35 दिनों के भीतर सीमा पर बाड़ लगाने का काम पूरा कर दिया जाएगा। गृह मंत्री ने कहा कि टीएमसी के शासन में एसएससी घोटाला, शिक्षा घोटाला, नगर निकाय भर्ती घोटाला, गो-तस्करी, राशन घोटाला, मनरेगा और पीएम आवास घोटाले हुए। उन्होंने कहा कि कई टीएमसी नेता पहले ही जेल जा चुके हैं। शाह ने कहा कि यदि ममता बनर्जी वास्तव में भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं, तो आगामी चुनाव में आरोपित 23 नेताओं को टिकट न दें। उन्होंने कटाक्ष किया कि वह ऐसा नहीं करेंगी, क्योंकि टिकट न देने पर ये नेता ‘भाइपो’ का नाम उजागर कर देंगे।
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बंगाल को लगभग 10 लाख करोड़ रुपये दिए और नई ट्रेनें भी चलाईं, लेकिन इसका लाभ गांवों तक नहीं पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि पैसा टीएमसी सिंडिकेट के हाथों में चला गया और भाजपा सरकार बनने पर कट-मनी संस्कृति पूरी तरह खत्म की जाएगी।
सिलीगुड़ी में उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी के गुंडों ने भाजपा के 60 कार्यकर्ताओं की हत्या की है। शाह ने सवाल किया, “क्या उत्तर बंगाल के कार्यकर्ता इसे बर्दाश्त करेंगे?” उन्होंने कहा कि देश के 21 राज्यों में भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार होने के बावजूद प्रधानमंत्री तब तक संतुष्ट नहीं हैं, जब तक पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार नहीं बनती। ‘मा–माटी–मानुष’ के नारे पर टिप्पणी करते हुए अमित शाह ने कहा कि मौजूदा सरकार में महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। जमीन पर घुसपैठियों का कब्जा बढ़ रहा है और आम लोग सिंडिकेट राज से परेशान हैं।
अमित शाह ने कहा कि 2014 में पार्टी को 2 सीटें, 2019 में 18 और 2021 में 77 सीटें मिलीं। उन्होंने दावा किया कि इस बार भाजपा 50 प्रतिशत से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और राजनीतिक हिंसा में बलिदान हुए भाजपा कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि दी और कहा कि बंगाल में भाजपा की जीत ही उनके बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
शाह ने मतुआ और नमशूद्र समुदाय को आश्वस्त किया कि उन्हें डरने की कोई जरूरत नहीं। उन्होंने चुनाव आयोग और एसआईआर प्रक्रिया के प्रति भाजपा के समर्थन को दोहराया, ताकि अवैध घुसपैठियों की पहचान की जा सके। सभा के अंत में अमित शाह ने कहा कि बंगाल ने लाल और हरे शासन देखे हैं। अब समय आ गया है कि केसरिया भाजपा को मौका दिया जाए, ताकि बंगाल सुरक्षित, भ्रष्टाचार मुक्त और विकसित राज्य बन सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *