दिल्ली में फिर बढ़ा प्रदूषण, एक्यूआई 315

0
ee95289876e43e50bae90c06a21c7df4

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: पिछले कुछ दिनों से वर्षा होने के कारण दिल्ली-एनसीआर के क्षेत्रों में धुंध साफ होने से यहां के लोगों ने राहत की सांस ली थी लेकिन अब दिल्ली समेत अन्य क्षेत्रों में धुंध की मोटी परत छाने से प्रदूषण फिर से बढ़ गया है। शनिवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 315 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में माना जाता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण ब्यूरो (सीपीसीबी) के मुताबिक, दिल्ली का एक्यूआई 315, नोएडा 324, ग्रेटर नोएडा 328, गाजियाबाद 313 और गुरुग्राम का 300 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब स्थिति को दर्शाता है।
राजधानी के कुछ शहरों में आज 03 बजे तक वजीरपुर का एक्यूआई 365, आनंद बिहार का एक्यूआई 351, सिरीफोर्ट का 356, आईटीओ का 313 और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम का 347, चांदनी चौक का 305 रहा, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में माना जाता है। इसके अलावा बुरारी क्रॉसिंग का 296, आईआईटी, दिल्ली 283, नजफगढ़ का 274, आईजीआई हवाई अड्डे का 267 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह से बादल छाए रहे और हवा की रफ्तार 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा तक जारी रहीं। यहां का अधिकतम तापमान 21-23 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। इसके अलावा 1 फरवरी को बादल छाए रहने और सुबह हल्के से मध्यम कोहरा रहने के आसार हैं। इस दिन भी हवा की गति 30-40 किमी प्रति घंटा, अधिकतम तापमान 17-19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10-12 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने का अनुमान है।
उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण 1-3 फरवरी को मैदान इलाकों में हल्की या मध्यम वर्षा होने तथा ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी के आसार हैं। यहां अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे में हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में न्यूनतम तापमान 0-5 डिग्री सेल्सियस जबकि उत्तराखंड, झारखंड, सिक्किम, असम मेघालय और मणिपुर का 5-10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, देश के अन्य हिस्सों में 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक था। देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस फरीदकोट (पंजाब) में दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *