चिट फंड घोटाला: सीबीआई ने फरार आरोपित तन्मय मिर्धा को किया गिरफ्तार
कोलकाता{ गहरी खोज }: केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने चिट फंड घोटाले से जुड़े एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपित तन्मय मिर्धा को गिरफ्तार कर लिया है। सीबीआई ने गुरुवार को गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि यह मामला 23 जून 2020 को उच्चतम न्यायालय के निर्देश के बाद पश्चिम बंगाल और ओडिशा में चिट फंड से संबंधित मामलों की जांच के लिए दर्ज किया गया था।
सीबीआई के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित एक्सप्रेस कल्टीवेशन लिमिटेड, कोलकाता का निदेशक है। उस पर आरोप है कि उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर निवेश पर अधिक मुनाफे का लालच देकर आम लोगों से लगभग 2.10 करोड़ रुपये एकत्र किए और बाद में इस धन का दुरुपयोग किया।
जांच पूरी होने के बाद सीबीआई ने 4 फरवरी 2022 को इस मामले में आरोप पत्र दाखिल किया था। हालांकि, आरोपित जांच में शामिल नहीं हुआ और लगातार फरार बना रहा, जिसके बाद उसे भगोड़ा घोषित किया गया। इसके पश्चात कोलकाता के अतिरिक्त मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट की अदालत ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
सीबीआई ने बताया कि लगातार निगरानी, तकनीकी इनपुट और खुफिया सूचनाओं के आधार पर 29 जनवरी को आरोपित को पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के ब्रह्मनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपित को आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत संबंधित अदालत में पेश किया गया है। सीबीआई अब उससे पूछताछ कर उसके अन्य सहयोगियों और चिट फंड नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटाने में लगी है।
