विजेंद्र गुप्ता ने आतिशी के वीडियो, प्राथमिकी मामले में पंजाब सरकार के रवैए पर जताई चिंता

0
c539a1d82c6c1406e1b27e4dea5180d1

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने नेता प्रतिपक्ष आतिशी के वीडियो और एफआईआर मामले पर पंजाब सरकार के रवैये पर गहरी चिंता व्यक्त की है। गुप्ता ने कहा कि अब तक जिस प्रकार से संबंधित फाइल को रोके रखा गया है, उससे कई गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं। पंजाब सरकार ने न तो अब तक एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराई और न ही शिकायत की कॉपी ही सौंपी है और यहां तक कि जांच से संबंधित कोई आधिकारिक रिपोर्ट भी सार्वजनिक नहीं की गयी है। यह स्थिति पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लगाती है।
विधानसभा अध्यक्ष ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि इस मामले में जिस तरह की चुप्पी और टालमटोल देखने को मिल रही है, उससे यह प्रतीत होता है कि कुछ तथ्यों को जानबूझकर छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। इस प्रकरण के तार सीधे तौर पर पंजाब के मुख्यमंत्री तक जुड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं, जो इस मामले की गंभीरता को और बढ़ा देता है। लोकतंत्र में जवाबदेही सर्वोपरि है और किसी भी सरकार को इससे बचने का अधिकार नहीं है।
गुप्ता ने कहा कि दिल्ली विधानसभा इस विषय को किसी भी रूप में हल्के में नहीं लेगी। यह मामला केवल प्रशासनिक या राजनीतिक नहीं है, बल्कि यह हमारे गुरुओं के सम्मान और आस्था से जुड़ा हुआ है। ऐसे संवेदनशील विषयों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही या असंवेदनशीलता को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि गुरुओं के अपमान के बाद जिस तरह से झूठ फैलाया गया और अनावश्यक शोर मचाया गया, उसे दिल्ली विधानसभा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। सच को सामने लाना और दोषियों को जवाबदेह ठहराना हमारा दायित्व है। दिल्ली विधानसभा पूरी दृढ़ता के साथ इस मामले को उठाएगी और न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *