मोटर वायर चोरी गिरोह के चार आरोपी काबू, 18 वारदातों की गुत्थी सुलझी
यमुनानगर{ गहरी खोज }: यमुनानगर पुलिस की अपराध शाखा ने किसानों को नुकसान पहुंचाने वाले संगठित मोटर वायर चोरी गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की वारदातों से जुड़े अहम सुराग जुटाए हैं। इस गिरोह के पकड़े जाने से मोटर वायर चोरी से जुड़े कुल 18 मामलों का खुलासा हुआ है, जिससे लंबे समय से चल रही आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगने की उम्मीद है।
अपराध शाखा के इंचार्ज राजकुमार ने शुक्रवार को बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि चार आरोपी चोरी की नीयत से घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें एएसआई सुखदेव सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया। टीम ने त्वरित और योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए चारों संदिग्धों को काबू कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुशील कुमार, राजू, प्रदीप और गुरिन के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है, ताकि उनसे गहन पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं और संभावित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से रात के समय खेतों में लगे ट्यूबवेल को निशाना बनाते थे। वे मोटरों से तांबे की तार निकाल लेते थे और मोटर वहीं छोड़कर फरार हो जाते थे।
इस प्रकार की वारदातों से किसानों को न केवल आर्थिक नुकसान हो रहा था, बल्कि सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने विभिन्न तिथियों पर की गई चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार जनवरी 2026, दिसंबर और नवंबर 2025 के दौरान अलग-अलग दिनों में लगातार मोटर वायर चोरी की गई थी। इन वारदातों का विवरण जुटाकर पुलिस ने 18 मामलों को आपस में जोड़ते हुए उनका खुलासा किया है। इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी चोरी से जुड़े मामले दर्ज हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं।
