खेल का मैदान अनुशासन और टीमवर्क की पहली पाठशाला : रेखा गुप्ता
नई दिल्ली{ गहरी खोज }: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश सिंह के साथ मथुरा रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में आयोजित वार्षिक खेल दिवस समारोह में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के जीवन में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं। साथ ही खेल के मैदान में मिलने वाले अनुभव जीवन के हर क्षेत्र में सफलता का मजबूत आधार बनते हैं। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को पूरे मन से खेलने, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा अपनाने और खेल के साथ निरंतर सीखते रहने के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर, अनुशासित और विकसित बनाने की दिशा में सबसे प्रभावी ब्रांड एंबेसडर बच्चे हैं। जब बच्चे अनुशासन का अभ्यास करते हैं, नियमों का पालन करते हैं और स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाते हैं तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार और समाज में स्वतः दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार नागरिक तैयार करने में विद्यालय से बेहतर कोई मंच नहीं हो सकता।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया किया कि आज के विद्यार्थी ही कल के नेतृत्वकर्ता बनकर दिल्ली को आदर्श, सशक्त और विकसित राजधानी के रूप में स्थापित करेंगे। मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल भावना, अनुशासन और समर्पण से ही स्वस्थ और सशक्त भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने आगामी गणतंत्र दिवस की भी शुभकामनाएं दीं और विजन-2047 के लक्ष्य की ओर मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
