राष्ट्रीय मतदाता दिवस रविवार को, राष्ट्रपति युवा मतदाताओं को सौंपेंगी मतदाता फोटो पहचान पत्र

0
d866d17bbcec23e0dc29153e4e5285ad

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: चुनाव आयोग 25 जनवरी को 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस (एनवीडी-2026) मनाएगा। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘मेरा भारत, मेरा वोट’ और टैगलाइन ‘भारतीय लोकतंत्र के केंद्र में नागरिक’ रखी गई है। चुनाव आयोग के अनुसार कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि होंगी। कार्यक्रम में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तथा चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम में राष्ट्रपति नए नामांकित युवा मतदाताओं को मतदाता फोटो पहचान पत्र सौंपेंगे और विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार भी प्रदान करेंगी। इनमें प्रौद्योगिकी का प्रभावी उपयोग, चुनाव प्रबंधन और लॉजिस्टिक्स, अभिनव मतदाता जागरूकता, आदर्श आचार संहिता का पालन, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण, विशेष पुरस्कार तथा मीडिया पुरस्कार शामिल हैं।
एनवीडी-2026 के अवसर पर ‘2025: पहलों और नवाचारों का एक वर्ष’ तथा ‘चुनाव का पर्व, बिहार का गर्व’ दो प्रकाशनों का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही चुनावी प्रबंधन और लोकतांत्रिक विकास में चुनाव आयोग की वैश्विक नेतृत्व क्षमता को दर्शाने वाला एक वीडियो प्रदर्शित किया जाएगा।
कार्यक्रम में एक विशेष प्रदर्शनी आयोजित होगी जिसमें मतदाता सूची की तैयारी, चुनाव संचालन और हालिया पहलों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें 2025 में बिहार विधानसभा चुनावों के सफल आयोजन पर भी प्रकाश डाला जाएगा।
चुनाव आयोग ने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह पूरे देश में राज्य और जिला स्तर पर भी आयोजित किए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी अपने-अपने स्तर पर कार्यक्रम करेंगे। बूथ स्तर अधिकारी मतदान केंद्रों पर नए पंजीकृत मतदाताओं को सम्मानित करेंगे और उन्हें मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *