गायत्री मंत्र जन-जन की चेतना और राष्ट्र परिवर्तन की शक्ति: अमित शाह

0
2b9039c32e2495545732eb4006cc8fcd

हरिद्वार{ गहरी खोज }: केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य ने सम्पूर्ण मानवता को व्यक्ति निर्माण का मार्ग दिखाया, जो सर्वजन कल्याण के लिए है। भारतवर्ष पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के उपकारों से कभी ऋणमुक्त नहीं हो सकता। हम बदलेंगे, युग बदलेगा का सूत्र ही राष्ट्र परिवर्तन की कुंजी है।
केन्द्रीय गृहमंत्री शाह यहां शांतिकुंज, हरिद्वार अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से आयोजित शताब्दी समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पावन भूमि पर विशेषकर सप्तर्षि भूमि शांतिकुंज में आकर हजारों वर्षों की तपस्या की ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि भारतवर्ष पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के उपकारों से कभी ऋणमुक्त नहीं हो सकता। आचार्यश्री ने गायत्री महामंत्र को जन-जन तक सर्वसुलभ बनाया, वैश्विक मानवतावाद की अवधारणा को सुदृढ़ किया और वैज्ञानिक अध्यात्मवाद को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत किया।
केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा कि हम बदलेंगे, युग बदलेगा का सूत्र ही राष्ट्र परिवर्तन की कुंजी है। गायत्री महामंत्र केवल संस्कृत का मंत्र नहीं, बल्कि जप करने वाले साधक के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने वाला जीवन मंत्र है। उन्होंने कहा कि जो भारत और उसकी संस्कृति को समझता है, वह जानता है कि विश्व की समस्त समस्याओं का समाधान भारतीय संस्कृति में निहित है।
समाराेह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के रोपित अखिल विश्व गायत्री परिवार रूपी बीज आज एक विशाल वटवृक्ष का स्वरूप धारण कर चुका है, जो विश्वभर के असंख्य लोगों को ज्ञान, संस्कार और सद्भाव की छाया प्रदान कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गायत्री परिवार केवल एक धार्मिक संस्था नहीं रहा, बल्कि यह सामाजिक, नैतिक एवं आध्यात्मिक नवजागरण का एक व्यापक जनआंदोलन बन चुका है, जो भारत की आध्यात्मिक चेतना को देश की सीमाओं से बाहर ले जाकर विश्व के कोने-कोने तक पहुँचा रहा है।
शताब्दी समारोह के दलनायक डॉ चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि यह आयोजन हम सभी के सौभाग्य का दिन है, जो माता भगवती देवी के अवतरण के शताब्दी वर्ष से जुड़ा हुआ एक ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक अवसर है। डॉ. पण्ड्या ने कहा कि यह भूमि योगियों और साधकों की रही है, जहां से स्वाभिमान, साधना और तप की परंपरा ने राष्ट्र को दिशा दी है। डॉ. पण्ड्या ने राष्ट्र-निर्माण के इस यज्ञ में सभी से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। इससेे पहले राष्ट्र जागरण के समय आ गया है विषय पर आयोजित सभा में गायत्री परिवार के संस्थापक युगऋषि पं श्रीराम शर्मा के जीवनवृत्त पर आधारित डॉक्यूमेंट्री दिखाई गयी।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राज्यपाल (हिमाचल प्रदेश) शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री धामी, शताब्दी समारोह के दलनायक डॉ चिन्मय पण्ड्या व अतिथियों ने सतयुग का सूर्योदय एवं मातृवाणी, अनुकंपा एवं वात्सल्य आदि पुस्तकों का विमोचन भी किया। इस दौरान राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत, उप्र के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत, विधायक मदन कौशिक, जिला प्रशासन के अधिकारी, सहित 80 से अधिक देशों से आये बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे। शाह ने शांतिकुंज पहुंच कर पं श्रीराम और माता भगवती के चरण पादुका के किए दर्शन
इस शताब्दी समारोह से पहले केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शांतिकुंज पहुंचकर युगऋषि पं श्रीराम शर्मा आचार्य एवं माता भगवती देवी शर्मा के चरण पादुकाओं तथा सिद्ध अखण्ड दीप का दर्शन कर आशीष लिया। शाह ने अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुखद्वय डॉ प्रणव पण्ड्या व शैलदीदी से आत्मीय भाव से भेंट की। इस दौरान सामाजिक समसरता एवं विश्व बंधुत्व सहित अन्य विषयों पर विचार विमर्श किया। अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुखद्वय ने शाह को मंगल तिलक कर उन्हें रुद्राक्ष माला, युगसाहित्य, गायत्री महामंत्र लिखित उपवस्त्र आदि भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *