भारतीय जलसीमा में घुसपैठ पर तटरक्षक बल की कार्रवाई, 24 बांग्लादेशी मछुआरे गिरफ्तार

0
b4b1608fb58e33df0b689a09c2c067a5_16407646301

कोलकाता{ गहरी खोज } : भारतीय तटरक्षक बल (इंडियन कोस्ट गार्ड) ने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में बंगाल की खाड़ी में अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा का उल्लंघन कर भारतीय जलसीमा में प्रवेश करने के आरोप में 24 बांग्लादेशी मछुआरों को गिरफ्तार किया। बाद में सभी को पश्चिम बंगाल पुलिस की तटीय शाखा को सौंप दिया गया।
भारतीय रक्षा मंत्रालय के पूर्वी कमान मुख्यालय से मंगलवार सुबह जारी बयान में बताया गया है कि सोमवार तड़के गश्त के दौरान तटरक्षक बल के एक पोत ने भारतीय जलक्षेत्र के भीतर एक बांग्लादेशी मछली पकड़ने वाले ट्रॉलर को देखा। इसके बाद तटरक्षक पोत ने ट्रॉलर का पीछा कर उसे भारतीय जलसीमा के भीतर ही पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद सोमवार दोपहर मछुआरों को फ्रेजरगंज कोस्टल पुलिस थाने को सौंप दिया गया।
पूछताछ में मछुआरों ने दावा किया कि घने कोहरे के कारण वे अनजाने में भारतीय जलसीमा में प्रवेश कर गए। हालांकि पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह पता लगाने के लिए आगे की पूछताछ जारी है कि घुसपैठ गलती से हुई या इसके पीछे कोई अन्य मंशा थी। गिरफ्तार मछुआरे अपनी पहचान से जुड़े कोई वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सके।
एक जिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा का अवैध उल्लंघन कर भारतीय जलसीमा में प्रवेश करने के आरोप में सभी को गिरफ्तार किया गया है। इन्हें आज (मंगलवार) को जिला अदालत में पेश किया जाएगा।
गौरतलब है कि हाल के महीनों में भारतीय तटरक्षक बल ने अवैध रूप से भारतीय जलक्षेत्र में प्रवेश करने के आरोप में 100 से अधिक बांग्लादेशी मछुआरों को हिरासत में लिया है। इनमें से कुछ को बाद में रिहा किया गया, जबकि अन्य के मामलों की सुनवाई दक्षिण 24 परगना जिले के काकद्वीप न्यायालय में जारी है।
इससे पहले 18 दिसंबर को 35 बांग्लादेशी मछुआरों को गिरफ्तार कर उनके दो ट्रॉलर जब्त किए गए थे। वहीं 15 दिसंबर को एक बांग्लादेशी नौसेना जहाज द्वारा भारतीय जलसीमा में प्रवेश के दौरान काकद्वीप के मछुआरों के एक ट्रॉलर से टक्कर की घटना में 11 मछुआरे बाल-बाल बच गए थे, जबकि पांच अन्य लापता हो गए थे। सोमवार को डूबे हुए ट्रॉलर को काकद्वीप के मोयनापाड़ा घाट पर लाया गया।
पड़ोसी देश बांग्लादेश में पिछले वर्ष से जारी राजनीतिक उथल-पुथल के मद्देनजर दक्षिण 24 परगना जिले सहित पश्चिम बंगाल के अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमावर्ती इलाकों में भारतीय तटरक्षक बल और राज्य पुलिस की तटीय इकाई द्वारा निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *