जापान को पीछे छोड़ते हुए भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया

0
bharat1

दिल्ली { गहरी खोज } : भारत ने बड़ी कामयाबी हासिल कर ली है। सरकार ने जानकारी दी है कि भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और हमने जापान को पीछे छोड़ दिया है। भारत की अर्थव्यवस्था 4.18 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की हो गई है। सरकार ने कहा है कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है और साल 2030 तक जर्मनी को पीछे छोड़कर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है। साल 2025 में देश में हुए सुधारों से जुड़ी एक सरकारी विज्ञप्ति में बताया गया है- “4.18 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के साथ, भारत जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है, और 2030 तक 7.3 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के अनुमानित GDP के साथ अगले 2.5 से 3 साल में जर्मनी को तीसरे स्थान से हटाने के लिए तैयार है।”
सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि साल 2025-26 की दूसरी तिमाही में जीडीपी के छह-तिमाही के उच्चतम स्तर पर पहुंचने के साथ विकास की गति ने उम्मीदों से बेहतर प्रदर्शन किया है। ये वैश्विक व्यापार में जारी अनिश्चितताओं के बीच भारत की मजबूती को दिखाता है। विज्ञप्ति के मुताबिक, मजबूत निजी खपत के नेतृत्व में घरेलू कारकों ने इस विस्तार में केंद्रीय भूमिका निभाई है।
वर्ल्ड बैंक ने भारत के लिए साल 2026 में 6.5 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान जताया है। मूडीज ने संभावना जताई है कि भारत 2026 में 6.4 प्रतिशत और 2027 में 6.5 प्रतिशत की वृद्धि के साथ सबसे तेजी से बढ़ने वाली जी20 अर्थव्यवस्था बना रहेगा। IMF ने अपने अनुमानों को 2025 के लिए 6.6 प्रतिशत और 2026 के लिए 6.2 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है। OECD ने 2025 में 6.7 प्रतिशत और 2026 में 6.2 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान लगाया है। इसके अलावा, S&P ने चालू वित्त वर्ष में 6.5 प्रतिशत और अगले में 6.7 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान लगाया है। एशियाई विकास बैंक ने अपना 2025 का पूर्वानुमान बढ़ाकर 7.2 प्रतिशत कर दिया है; और फिच ने मजबूत उपभोक्ता मांग के कारण अपने वित्त वर्ष 2026 के अनुमान को बढ़ाकर 7.4 प्रतिशत कर दिया है।
सरकार ने कहा- “भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और इस गति को बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार है। अपनी स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष- 2047 तक उच्च मध्य-आय हासिल करने के लक्ष्य के साथ, देश आर्थिक विकास, संरचनात्मक सुधारों और सामाजिक प्रगति की मजबूत नींव पर आगे बढ़ रहा है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *