भारत मंडपम में VBYLD 2026 में शामिल होंगे पीएम मोदी, दिग्गज खिलाड़ी भी होंगे संवाद पैनल में
नई दिल्ली{ गहरी खोज }: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 से 12 जनवरी तक भारत मंडपम में आयोजित होने वाले विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2026 में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में भारत की वर्ल्ड कप विजेता महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, बैडमिंटन के दिग्गज पुल्लेला गोपीचंद और टेनिस स्टार लिएंडर पेस जैसे शीर्ष खिलाड़ी भी शामिल होंगे।
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग, युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य देश के युवाओं को “विकसित भारत” की परिकल्पना को आकार देने में सार्थक भूमिका देना है।
मंत्रालय के अनुसार, देशभर में 50 लाख से अधिक युवाओं की भागीदारी के बाद राज्य और राष्ट्रीय स्तर की चयन प्रक्रिया के जरिए देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 2,000 युवाओं का अंतिम रूप से चयन किया गया है।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण 12 जनवरी, राष्ट्रीय युवा दिवस होगा, जो स्वामी विवेकानंद की जयंती के रूप में मनाया जाता है। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चयनित युवा नेताओं के साथ संवाद करेंगे। कुछ युवा प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री के समक्ष अपने सर्वश्रेष्ठ विचार प्रस्तुत करने और “विकसित भारत 2047” के अपने दृष्टिकोण पर उनका मार्गदर्शन, प्रतिक्रिया और प्रोत्साहन प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान युवा नेता शासन, खेल, उद्यमिता, कृषि, सतत विकास, संस्कृति और प्रौद्योगिकी जैसे विषयों पर विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों से संवाद करेंगे। इनमें लोकगायिका और राजनीतिज्ञ मैथिली ठाकुर, निशानेबाज श्रेयसी सिंह, पुल्लेला गोपीचंद और लिएंडर पेस शामिल हैं। इसके अलावा उद्यमी श्रीधर वेम्बू और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला जैसे राष्ट्रीय प्रतीकों से भी युवाओं को सीखने का अवसर मिलेगा। VBYLD 2026 में भारत से बाहर के युवा भी हिस्सा लेंगे। विदेश मंत्रालय के ‘नो इंडिया प्रोग्राम’ के तहत चुने गए 80 प्रवासी भारतीय युवा इस संवाद में भाग लेंगे। फिट इंडिया पहल के तहत वाहन-मुक्त परिसर फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत मंत्रालय शैक्षणिक संस्थानों को अपने परिसरों को वाहन-मुक्त क्षेत्र घोषित करने के लिए भी प्रोत्साहित कर रहा है, जहां केवल साइकिल और पैदल आवागमन की अनुमति होगी। यह पहल जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम, बिहार के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और इंफोसिस परिसर में पहले ही लागू की जा चुकी है। खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि “कई आईआईटी परिसर भी जल्द ही इस मॉडल को अपनाने वाले हैं।”
