दीपावली और छठ महापर्व को लेकर 17 से चलेंगी 38 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

0
55b11fa8ec7517832026fcdd7f8f27c7

रांची{ गहरी खोज }: राजधानी रांची से विभिन्न शहरों के लिए दीपावली और छठ महापर्व को लेकर शुक्रवार से 38 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। यह जानकारी रांची रेल मंडल के रेलवे परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी )की बैठक में गुरुवार को डीआरएम करूणानिधि सिंह ने दी। डीआरएम हटिया स्थित अपने कार्यालय में फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सदस्यों से बातचीत कर रहे थे।
मौके पर डीआरयूसीसी के प्रतिनिधि संजय अखौरी ने यात्री सुविधा से जुडे प्रस्तावों पर चर्चा की और यात्रियों के हित में रांची रेल मंडल से जरूरी प्रयास करने का आग्रह किया। अखौरी ने कहा कि रांची रेल मंडल झारखंड की राजधानी का प्रतिनिधित्व करता है। इसलिए यहां से देश के विभिन्न हिस्सों के लिए कनेक्टिविटी को और मजबूत किया जाना जरूरी है। यात्रियों की बढ़ती संख्या और औद्योगिक विकास को देखते हुए नई ट्रेनों की शुरूआत, ठहराव बढ़ाने और कोच सुधार जैसे कदम अब समय की मांग हैं। उन्होंने कहा कि रांची से जयपुर, लखनऊ, वाराणसी, पुरी, धनबाद और दिल्ली के लिए सीधी या विस्तारित ट्रेन सेवाएं शुरू होने से आम यात्रियों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। रेल यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए, स्टेशन स्तर पर भी सुविधाओं की समीक्षा और समय-समय पर सुधार कार्य होना चाहिए।
वरिष्ठ नागरिकों को फिर से मिले रियायत उन्होंने यह भी कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को फिर से रियायत देना, दिव्यांग यात्रियों के लिए स्टेशन पर निःशुल्क सुविधाएं बहाल करना और कुलियों की कमी दूर करना यात्रियों के प्रति रेल प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाएगा। उन्होंंने का कि हम यात्रियों की मांग को पूरा होने तक मजबूती से उठाते रहेंगे।
चेंबर ने रांची नई दिल्ली गरीब रथ का ठहराव टुंडला स्टेशन पर करने, रांची आनंद विहार टर्मिनल का विस्तार जयपुर, रांची से लखनऊ वाया अयोध्या सीधी ट्रेन, गंगा सतलज का विस्तार धनबाद से रांची तक करने, हटिया सांकी का विस्तार हजारीबाग टाउन तक, रांची नई दिल्ली राजधानी का परिचालन पूर्व की भांति सप्ताह में दो दिन वाया बरकाकाना मार्ग से, रांची से हावडा वाया बरकाकाना-हजारीबाग-कोडरमा मार्ग से नई ट्रेन का परिचालन, रांची वाराणसी वंदे भारत का परिचालन सप्ताह में तीन दिन वाया बरकाकाना हजारीबाग से करने का सुझाव दिया।
साथ ही यात्रियों की असुविधा को देखते हुए शक्तिपुंज एक्सप्रेस की समय सारणी में बदलाव का आग्रह किया गया। साथ ही हटिया बंगलुरू के मध्य रोजाना सुपरफास्ट-वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की शुरूआत करने का आग्रह किया गया। यह भी सुझाया गया कि ट्रेनों के पुराने एलएचबी कोच और सभी अन्य कोच में समय-समय पर बेसिन, इंजन रूम की फिटिंग, मोबाइल चार्जर के प्वाइंट की जांच और मरम्मती आवश्यक है।
डीआरएम करूना निधि सिंह ने झारखंड चेंबर की ओर से दिये गये सुझावों के अनुरूप रांची से लखनऊ, अयोध्या ट्रेन के परिचालन, धनबाद सतलज का विस्तार रांची तक करने, रामगढ़ क्षेत्र के यात्रियों की मांग पर विचार करने और आनंद विहार टर्मिनल का विस्तार जयपुर तक करने के लिए सहानभूतिपूर्वक विचार के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने बताया कि रांची से रायपुर और पूरी वंदे भारत नई ट्रेन चलाने पर विचार किया जा रहा है। बैठक में सीनियर डीसीएम शुचि सिंह सहित रांची रेल मंडल के अन्य उच्चाधिकारी और डीआरयूसीसी प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *