गुजरात में भाजपा ने निर्दोष किसानों के ख़िलाफ़ चलाया दमन चक्र : आप

0
2025_10$largeimg13_Oct_2025_154831650

नयी दिल्ली{ गहरी खोज }: आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा कि गुजरात में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने बर्बर तरीके से निर्दोष किसानों पर लाठियां बरसाईं, आंसू गैस के गोले छोड़े और उनके ख़िलाफ़ दमन चक्र चलाया।
आप के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने सोमवार को कहा कि रविवार को गुजरात में भाजपा सरकार ने बर्बर तरीके से निर्दोष किसानों पर लाठियां बरसाईं, आंसू गैस के गोले छोड़े और दमन चक्र चलाया। पूरे दिन और रातभर गिरफ्तारियां हुईं। ऐसा लग रहा है कि भाजपा सरकार किसानों की दुश्मन बन गई है। भावनगर जिले के बोटाद विधानसभा क्षेत्र के हडधड़ गांव में किसानों पर जुल्म ढाया गया। वहां किसान महापंचायत कर रहे थे, लेकिन भाजपा सरकार के इशारे पर पुलिस ने गांव को चारों तरफ से घेरकर दमन शुरू किया। यह दमन चक्र अभी भी जारी है।
श्री राय ने बताया कि यह मामला बोटाद मंडी से शुरू हुआ। गुजरात में कपास और मूंगफली की फसल तैयार हो चुकी है। किसान अपनी फसल मंडियों में लेकर जाते हैं, लेकिन वहां भाजपा सरकार और भाजपा के चेयरमैनों ने करदा प्रथा’ नामक शोषणकारी व्यवस्था लागू कर रखी है। इस प्रथा के तहत फसल का कुछ हिस्सा तय दाम पर खरीदा जाता है, लेकिन बाकी हिस्से को बेकार बताकर किसानों को या तो कम दाम पर बेचने को मजबूर किया जाता है या फसल वापस घर ले जाने को कहा जाता है। इस शोषण, जुल्म और अत्याचार के खिलाफ 10 अक्टूबर को बोटाद मंडी में किसानों ने शांतिपूर्वक अपनी आवाज बुलंद की थी।
उन्होंने कहा कि आप के किसान नेता राजूभाई करपड़ा के नेतृत्व में किसानों और स्थानीय किसान नेताओं ने मंडी समिति और अध्यक्ष के सामने अपनी फरियाद रखी, लेकिन भाजपा समर्थित मंडी समिति ने सुनने से इनकार कर दिया। इसके बाद, मंडी समिति ने किसानों को भगाने के लिए शाम को नोटिस लगाकर मंडी को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया। किसान अपनी मांगों के साथ रातभर डटे रहे, लेकिन सरकार ने उनकी बात नहीं सुनी। रात चार बजे पुलिस ने राजूभाई करपड़ा और अन्य किसान नेताओं को घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
आप नेता ने बताया कि किसानों ने ऐलान किया था कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वे आंदोलन जारी रखेंगे। इसके लिए रविवार को बोटाद मंडी में किसान पंचायत का आयोजन किया गया था, लेकिन भाजपा सरकार ने मंडी को पुलिस छावनी में बदल दिया। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी और युवा अध्यक्ष बृजराज सोलंकी सहित 10 से अधिक किसान नेताओं को रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया गया। जब किसानों को मंडी में पंचायत की अनुमति नहीं मिली, तो उन्होंने बोटाद से 3-4 किलोमीटर दूर हड़दड़ गांव में शांतिपूर्वक पंचायत शुरू की। पुलिस ने हड़दड़ गांव को चारों तरफ से घेर लिया। कुछ पुलिसकर्मियों को गुप्त रूप से सभा में भेजा गया। सभा चल रही थी, तभी पुलिस ने सभा पर पहले पथराव किया और फिर लाठीचार्ज शुरू करके आंसू गैस छोड़ी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पूरे गांव को दुश्मन घोषित कर दिया है। यह दमन चक्र किसानों की आवाज को दबा नहीं सकता। आप ने सोमवार को पूरे गुजरात में भाजपा सरकार के इस अत्याचार के खिलाफ काला दिवस मनाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि 31 अक्टूबर को गुजरात में महापंचायत होगी, जिसमें आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *