संघ पर डाक टिकट और स्मृति सिक्का जारी होना ऐतिहासिक क्षण : रेखा गुप्ता

0
T20251001192727

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शताब्दी समारोह में संघ के 100 वर्षों की राष्ट्रसेवा को सम्मानित करने के लिए विशेष डाक टिकट और स्मृति सिक्का जारी किया जाना सभी राष्ट्रभक्तों के लिए ऐतिहासिक क्षण है।
मुख्यमंत्री ने एक्स पोस्ट में कहा कि डॉ. हेडगेवार द्वारा रखी गई नींव से लेकर और वर्तमान सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत तक, सभी ने राष्ट्र निर्माण की दिशा में बहुमूल्य योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि अनुशासन, समर्पण और मातृभूमि के प्रति निःस्वार्थ भाव से सेवा ही संघ का ध्येय रहा है। संघ के स्वयंसेवक केवल संगठनात्मक कार्य तक सीमित नहीं रहते, बल्कि भारत की संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक सद्भाव को जन-जन तक पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपातकाल जैसे दौर में भी संघ ने लोकतंत्र के सजग प्रहरी के रूप में कार्य किया। कठिन से कठिन प्राकृतिक आपदाओं और संकट की घड़ी में भी संघ के स्वयंसेवक बिना किसी स्वार्थ के आगे बढ़कर समाज की सेवा करते हैं। आज जब हम विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, तो इसमें संघ और उसके लाखों समर्पित स्वयंसेवकों का अनुकरणीय योगदान है।
मुख्यमंत्री ने संघ की 100 वर्ष की इस गौरवमयी यात्रा की स्मृति में भारत सरकार द्वारा विशेष डाक टिकट और स्मृति सिक्के जारी करने पर प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन एवं राष्ट्रसेवा को समर्पित संघ के स्वयंसेवकों को अनंत शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ने आज दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशल सेंटर में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रनिर्माण में योगदान पर विशेष डाक टिकट और 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। कार्यक्रम में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *