मोरारी बापू की राम कथा सहस्रनाम सुनने का मिला सौभाग्य : मुख्यमंत्री

मुंबई{ गहरी खोज }: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को यवतमाल में कहा कि मोरारी बापू की वाणी से रामकथा सुनने का अवसर हम सभी को प्राप्त हुआ है। पीढ़ी दर पीढ़ी हम राम कथा सुनते आए हैं, लेकिन मोरारी बापू की वाणी से रामकथा सुनना, यह सहस्रनाम सुनने का सौभाग्य है।
मुख्यमंत्री फडणवीस आज यवतमाल स्थित चिंतामणि कृषि उपज बाजार समिति में आयोजित मोरारी बापू की रामकथा प्रवचन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रामकथा सबसे सुंदर कथा है। इसलिए इस रामकथा को सुनना जीवन का मार्ग प्रशस्त करने जैसा है। रामकथा में संपूर्ण जीवन की सुंदर शिक्षा है। मोरारी बापू से अर्थपूर्ण रामकथा सुनना प्रत्येक के लिए सौभाग्य का क्षण है। प्रभु रामचंद्र का जीवन मर्यादा का पालन करने वाला है। इसलिए वे सर्वोत्तम मर्यादा पुरुषोत्तम कहलाए। रामकथा त्याग, तप, तेज, अनुशासन और भावनाओं का संगम है। आज पाँच सौ वर्षों बाद प्रभु राम अयोध्या में अपने अधिकार के स्थान पर विराजमान हुए हैं। यह प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव की बात है।
इस अवसर पर पालकमंत्री संजय राठौड़, राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, आदिवासी विकास मंत्री अशोक उईके, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष हंसराज अहिर, सांसद संजय देशमुख, बलवंत वानखेडे, विधायक बालासाहेब मांगुलकर, किशोर जोरगेवार, राजू टोडसाम, एडवोकेट आशीष देशमुख, किसानराव वानखेडे, सईताई डहाके, रामकथा के आयोजक डॉ. विजय दर्डा, राजेंद्र दर्डा आदि उपस्थित थे।