नेपाल में फंसे तेलुगु भाषाई लोगों को सुरक्षित लाएगी सरकार, मंत्री लोकेश ने निर्देश

0
68d2008f8a496545c10e8683498beb15

अमरावती{ गहरी खोज }: आंध्र प्रदेश के आईटी मंत्री और मुख्यमंत्री चंद्रबाबू के बेटे नारा लोकेश ने कहा कि राज्य सरकार नेपाल में फंसे तेलुगु भाषाई लाेगों को वहां से सुरक्षित निकालेगी। मंत्री लोकेश ने काठमांडू से विशाखापत्तनम के लिए विशेष उड़ान के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने राज्य के अधिकारियों को नेपाल में फंसे लोगों को हरसंभव मदद और वापसी तक संपर्क में रहने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार ने नेपाल में फंसे आंध्र प्रदेश के निवासियों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी शुरू किया है।
मंत्री लोकेश ने बुधवार सुबह सचिवालय में रियल टाइम गवर्नेंस सोसाइटी (आरटीजीएस) के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। अधिकारियों ने लोकेश को नेपाल में फंसे तेलुगु भाषाई लोगों की जानकारी दी। मंत्री ने वीडियो कॉल पर कई पीड़ितों से बात भी की। आईटी मंत्री लोकेश की इस बैठक में आंध्र प्रदेश भवन के अधिकारी श्रीकांत, कार्तिकेय मिश्रा, मुकेश कुमार मीणा, कोना शशिधर, अजय जैन, हिमांशु शुक्ला और जयलक्ष्मी के साथ समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि नेपाल में लगभग 240 तेलुगु भाषाई लोग फंसे हुए हैं। पता चला कि गौशाला में 90, पशुपति नगर में 55, बफ़ेलो में 27, सिमिलकोट में 12 और कुछ अन्य स्थानों पर फंसे हैं। बैठक में मंत्री लोकेश ने काठमांडू से विशाखापत्तनम के लिए एक विशेष उड़ान की व्यवस्था कर वहांं फंसे
लाेगाें काे राज्य में लाने के निर्देश दिए। मंत्री ने अधिकारियों को पीड़ितों की तत्काल सहायता करने और उनकी नेशाल से निकासी की ज़िम्मेदारी सौंप दी है। मंत्री लाेकेश ने अधिकारियाें काे पीड़ितों की कुशलक्षेम की जानकारी हर दाे घंटे में देने के निर्देश दिए। राज्य के अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि वे विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने नेपाल में फंसे कुछ लोगों से मंत्री लोकेश से फोन पर बात कराई। इस दौरान नेपाल से सूर्यप्रभा और रोजा रानी नामक महिलाओं ने मंत्री को वहाँ की स्थिति के बारे में बताया। सूर्यप्रभा ने बताया कि वे मुक्तिनाथ दर्शन करने गई थीं और फंस गई थीं। लोकेश ने उन्हें होटल के कमरे से बाहर न निकलने की सलाह दी है। राज्य के अधिकारी हर दो घंटे में उनसे संपर्क करेंगे। इस दौरान मंत्री ने मंगलागिरी के मछेरला हेमसुंदर राव और दमारला नागलक्ष्मी से भी बात की। पीड़ितों ने उन्हें बताया कि जिस बस में वे यात्रा कर रहे थे, उस पर मंगलवार को प्रदर्शनकारियों ने हमला किया था। नेपाल की यात्रा पर गए गुंटूर जिले के मंगलागिरी के निवासियों ने मंत्री लोकेश को बताया कि इस समय पशुपति फ्रंट होटल में हैं और उनके साथ 40 तेलुगु लोग हैं। उन्होंने बताया कि उनका होटल काठमांडू हवाई अड्डे से एक किलोमीटर दूर है। मंत्री ने उन्हें चिंता न करने और सुरक्षित राज्य में लाने का आश्वासन दिया।
मंत्री लोकेश ने कहा कि राज्य चिकित्सा एवं अवसंरचना निगम के अध्यक्ष चिल्लापल्ली श्रीनिवास राव मंगलागिरी के निवासियों से संपर्क में रहेंगे। लोकेश ने पीड़ितों को आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार के सहयोग से उन्हें सुरक्षित राज्य में लाया जाएगा। राज्य सरकार ने नेपाल में फंसे आंध्र प्रदेश के निवासियों के लिए दिल्ली स्थित आंध्र प्रदेश भवन में एक हेल्पलाइन नंबर भी शुरू किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *