तब भी कुर्सी की लालसा कांग्रेस को थी और आज भी : राज्य मंत्री

फरीदाबाद{ गहरी खोज } : कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले पूरा देश आज विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मना रहे हैं। 14 अगस्त 1947 की उस काली रात को कौन भुला सकता है। जिन्ना और नेहरू की प्रधानमंत्री बनने की लालसा और मुस्लिम लीग के धर्म के आधार पर देश बनाने की जिद ने भारत का बंटवारा कर दिया। लोगों को अपना घर बार छोड़ने के लिए मजबूर किया। महिलाओं की अस्मिता से खिलवाड़ किया गया। निर्दोष लोगों का कत्लेआम किया गया।
उन्होंने कहा कि तब भी कुर्सी की लालसा कांग्रेस को थी, इस देश का बंटवारा किया और आज भी कुर्सी के कारण पूरी दुनिया में भारत की सेना को बदनाम करने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी को तब भी देश के लोगों पर विश्वास नहीं था। आज भी देश की चुनी हुई सरकार पर, सेना पर, न्यायालयों पर, संविधान पर और न ही संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा है। ये लोग पूरी दुनिया में भारत के लोगों को और सेना को बदनाम करने के काम कर रहे हैं।
इस अवसर पर, हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल कौशिक, पंचनद स्मारक ट्रस्ट के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष सुधा ने संबोधित किया।
कार्यक्रम में पंचनद स्मारक ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी धर्मदेव, कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, विपुल गोयल, डॉ. अरविंद शर्मा, श्याम सिंह राणा, श्रुति चौधरी, राज्य मंत्री राजेश नागर, श्री गौरव गौतम, विधायक मूलचंद शर्मा, सतीश फागना, बिमला चौधरी, दिनेश अदलखा, विनोद भ्याणा और लक्ष्मण यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।