सोरेन के निधन पर मुर्मू और मोदी के साथ कई अन्य नेताओं ने जताया शोक

0
Shibu-Soren-President-Murmu-Homage11

नयी दिल्ली{ गहरी खोज }: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों तथा कई अन्य वरिष्ठ नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफॉर्म पर लिखा कि श्री सोरेन का निधन सामाजिक न्याय के क्षेत्र की एक बड़ी क्षति है। उन्होंने आदिवासी अस्मिता और झारखंड राज्य बनाने के लिए संघर्ष किया। आदिवासी समुदायों के कल्याण में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि श्री सोरेन ज़मीनी नेता थे। उनका जनता के प्रति अटूट समर्पण था। वे आदिवासियों, गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए विशेष रूप से समर्पित थे। श्री मोदी ने अस्पताल पहुंच कर श्री सोरेन को श्रद्धासुमन अर्पित किए और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।
श्री गांधी ने कहा कि आदिवासी समुदाय की सशक्त आवाज रहे श्री सोरेन ने अपना जीवन उनके अधिकारों और हकों के लिए संघर्ष में खपा दिया। श्री खरगे ने लिखा कि उन्होंने अपना जीवन जल, जंगल और जमीन पर लोगों के अधिकारों और आदिवासी संस्कृति के संरक्षण के लिए समर्पित कर दिया।
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा श्री सोरेन जनजातीय अस्मिता व अधिकार के सशक्त स्वर थे। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने उनके ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी श्री सोरेन के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि उनके निधन से झारखंड के इतिहास का एक अध्याय समाप्त हो गया। ओडिशा मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि महाप्रभु जगन्नाथ उनकी आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिवार को शक्ति प्रदान करें। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लिखा कि जनजातीय समुदाय के उत्थान और झारखंड के विकास में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने शोक संदेश में लिखा प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति एवं उनके शोकाकुल परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि जनजातीय समुदाय के अधिकारों की रक्षा के लिए उनको हमेशा याद किया जाएगा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उनके निधन से न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र अपूरणीय क्षति हुई है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा कि श्री सोरेन स्वतंत्र भारत के सबसे प्रभावशाली आदिवासी नेताओं में से एक थे। तेलंगाना मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कहा कि उनका नाम इतिहास में एक ऐसे योद्धा के रूप में अंकित रहेगा जिन्होंने अपना जीवन आदिवासी समुदायों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने कहा कि श्री सोरेन संघर्ष के दिनों के साथी थे और हमेशा दोनों मिलकर साथ काम करते रहे। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि झारखंड और आदिवासी समाज की आत्मा थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *