मेधावी छात्र-छात्राओं को कृषि मंत्री ने प्रदान किये राजीव गांधी प्रतिभा सम्मान

0
1200-675-24372103-thumbnail-16x9-rnc-aspera

रांची{ गहरी खोज }: शिक्षा के क्षेत्र सफलता की उड़ान भरने वाले राजधानी रांची के मांडर प्रखंड के छात्र-छात्राओं को शुक्रवार आज भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया। मांडर कॉलेज परिसर में राज्य की कृषि मंत्री एवं स्थानीय विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने 10वीं और 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण विभिन्न स्कूलों के करीब 300 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। इस सम्मान समारोह में राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की भी उपस्थित रहे।
सम्मान समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के बाद मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि साल 2005 में पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की ने ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर अंक लाकर उत्तीर्ण करने वाले छात्रों के लिए प्रतिभा सम्मान की शुरुआत की थी। आज साल दर साल सम्मान पाने वाले छात्रों की संख्या में इजाफा हो रहा है। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हो कड़ी मेहनत-लगन और लक्ष्य को पाने की जिद से सफलता हासिल की जा सकती है। इसका ताजा उदाहरण दिहाड़ी मजदूर की बेटी से लेकर खोमचा वाले परिवार के बेटा-बेटी के नाम शामिल है।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि छात्रों को मिलने वाला ये सम्मान और प्रमाण पत्र छात्रों को हर दिन अपने लक्ष्य को पाने के लिए प्रेरित करेगा। छात्रों के लिए ज्ञान समंदर की तरह है।
उन्होंने कहा कि डिग्री पाना आसान हो सकता है पर व्यवहारिक ज्ञान के बगैर सब कुछ अधूरा रह जाएगा। आज के दौर में युवाओं को व्यवहारिक ज्ञान की जरूरत है। छात्र-छात्राओं का आचरण ही उनकी सफलता की राह तय करेगा। भविष्य की सफलता के लिए सही सोच और दिशा का चयन करना होगा।
कृषि मंत्री ने कहा कि छात्रों को सफलता से ज्यादा उत्साहित होने की जरूरत नहीं है ये थोड़े समय के लिए ही होता है। यहीं से आपकी जिम्मेदारी बढ़ जाती है। आपसे परिवार-समाज और सहयोगियों की उम्मीदें बढ़ जाती है। कृषि मंत्री ने मेधावी छात्र-छात्राओं को कहा कि आपसे आपके परिवार, समाज की उम्मीदें बढ़ गयी है और यह तब समाप्त होगा जब आप सफलता की शिखर पर होंगे।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मांडर कॉलेज को विश्वविद्यालय के तौर पर तैयार करने की बात कहीं। उन्होंने कहा कि 13 करोड़ की लागत से भवन का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के लिए जरूरी मापदंड को पूरा करने का काम किया जा रहा है। आज युवा पीढ़ी को संविधान की जानकारी होना जरूरी है क्योंकि ये देश किसी धर्म ग्रन्थ से नहीं बल्कि संविधान से चलता है।
पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की ने इस मौके पर कहा कि ये सम्मान समारोह मांडर विधानसभा क्षेत्र के हर प्रखंड में किया जाता है। सम्मान पाने वाले आज कई छात्र अच्छे मुकाम पर पहुंच चुके हैं। जीवन की लंबी उड़ान के लिए खुद को तैयार करना पड़ता है। बेहतर से बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रयास जारी रखना होगा। शिक्षा के क्षेत्र में ग्रामीण प्रतिभा को निखारने के लिए लंबी लकीर खींचने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मांडर कॉलेज को विश्वविद्यालय का रूप दिया जाएगा। उद्देश्य ग्रामीण छात्रों को उच्च शिक्षा प्रदान करना है।
पूर्व शिक्षा मंत्री और सरकार के कॉर्डिनेशन कमेटी के सदस्य बंधु तिर्की ने कहा कि ग्रामीण छात्रों के लिए ग्रामीण प्रतिभा परीक्षा का आयोजन करने की योजना है। ये स्कूल स्तर पर आयोजित होगा। जिसमें दो तरह की परीक्षा प्रखंड स्तर पर आयोजित होगी। हर प्रखंड से 4 से 5 छात्रों का चयन किया जाएगा। ऐसे छात्रों की शिक्षा का खर्च वहन किया जाएगा। ग्रामीण प्रतिभा परीक्षा के सफल छात्रों को हवाई जहाज से एजुकेशन टूर भी कराया जाएगा।
इस प्रतिभा सम्मान समारोह में मांडर कॉलेज प्राचार्य एएन शाहदेव, बीडीओ चंचला कुमारी, फिलिप सहाय एक्का, अमानत अंसारी, मंगा उरांव, मोजिबुल्ला, सेराफिना मिंज, सरिता देवी, नसीम अंसारी, जुएब अंसारी, होसे उरांव, जुवेल तिग्गा, अर्जुन महतो, चिंतामणि, बेलस, बंधु टोप्पो सहित स्कूल के प्राचार्य और शिक्षक मौजूद रहे।
डर कॉलेज परिसर में जैक बोर्ड के 10वीं और 12वीं की परीक्षा में टॉपर रहे छात्रों को राजीव गांधी प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया। मैट्रिक की परीक्षा में मांडर प्रखंड में प्रथम स्थान प्रभात कुमार केसरी, द्वितीय स्थान जया कुमारी, तृतीय स्थान मोहित उरांव को मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने सम्मानित किया। वहीं इंटर की परीक्षा में विज्ञान संकाय में मांडर प्रखंड में प्रथम- सलोनी कुमारी, द्वितीय- रेहान अंसारी और तृतीय- रोहित उरांव को सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *