मोदी से मिले ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री

नयी दिल्ली{ गहरी खोज }: ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस ने आज यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में हुए संघीय चुनावों में ऑस्ट्रेलिया की लेबर पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर उप प्रधानमंत्री मार्लेस को बधाई दी।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार दोनों नेताओं ने भारत-ऑस्ट्रेलिया समग्र रणनीतिक साझीदारी को और मजबूत करने के तौर-तरीकों पर चर्चा की। इस साझीदारी के इस वर्ष पांच साल पूरे हो गए। उन्होंने रक्षा औद्योगिक सहयोग, सुदृढ़ आपूर्ति श्रृंखला, महत्वपूर्ण खनिजों, नवीन और उभरती प्रौद्योगिकियों जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि स्थिर, सुरक्षित और समृद्ध हिंद-प्रशांत के लिए साझा दृष्टिकोण द्विपक्षीय सहयोग का मार्गदर्शन करता रहेगा।
उप प्रधानमंत्री मार्लेस ने सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में ऑस्ट्रेलिया के समर्थन को दोहराया।
प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री अल्बानियो को इस वर्ष के अंत में भारत में आयोजित होने वाले वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया।