महिला आरक्षण कानून से राष्ट्र निर्माण को नई दिशा मिलेगीः अन्नपूर्णा देवी

0
image001hfgsdqewqKDFL

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि महिला आरक्षण कानून बनने से राष्ट्र निर्माण को नई दिशा मिलेगी। महिला सशक्तीकरण और राष्ट्र निर्माण को लेकर बड़ा संदेश दिया गया। अन्नपूर्णा देवी ने सोमवार को विज्ञान भवन में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए महिला आरक्षण अधिनियम को ऐतिहासिक और युगांतकारी बताया। उन्होंने कहा कि यह कानून मातृशक्ति के वर्षों के संघर्ष का परिणाम है, जो महिलाओं को लोकतांत्रिक भागीदारी और निर्णय प्रक्रिया में मजबूत स्थान देगा। उन्होंने कहा कि अब भारत महिलाओं के विकास से आगे बढ़कर महिलाओं से विकास की ओर अग्रसर है।
उन्होंने पिछले 11 वर्षों में सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई गई योजनाओं- जैसे ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, मुद्रा योजना का जिक्र करते हुए कहा गया कि इनसे महिलाएं आत्मनिर्भर हुई हैं और नेतृत्व की भूमिका में आई हैं।
अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि महिलाओं की विज्ञान, तकनीक, प्रौद्योगिकी, गणित (स्टेम) क्षेत्रों में बढ़ती भागीदारी, महिला पायलट्स की संख्या, स्टार्टअप्स में महिला नेतृत्व और पंचायतों में लाखों महिला प्रतिनिधियों को बदलते भारत की तस्वीर पेश कर रही है। अब महिलाएं केवल परिवार ही नहीं, बल्कि देश की दिशा तय करने में भी अहम भूमिका निभा रही हैं। महिला आरक्षण अधिनियम उन्हें संसद और विधानसभाओं तक पहुंचाकर लोकतंत्र को और मजबूत करेगा।
उन्होंने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को हासिल करने में नारी शक्ति की भूमिका को निर्णायक बताते हुए सभी महिलाओं से इस परिवर्तन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर सहित कई क्षेत्रों की महिलाओं ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *