नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

0
154c1da0bcadce1c6780442a7cd7dceb

किशनगंज{ गहरी खोज }: जिले के एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मोहम्मद कलाम के रूप में हुई है। परिजनों ने नशा मुक्ति केंद्र के संचालक और कर्मचारियों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, मोहम्मद कलाम को करीब 10 दिन पूर्व टाउन थाना क्षेत्र के बेलवा स्थित ‘सुफिया चेरिटेबल ट्रस्ट’ नामक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। सोमवार को अचानक युवक की तबीयत बिगड़ने और मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि नशा मुक्ति केंद्र के संचालक और कर्मचारी युवक को गंभीर हालत में सदर अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए।
उनका कहना है कि केंद्र में मोहम्मद कलाम के साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि युवक की तबीयत खराब होने की जानकारी उन्हें समय पर नहीं दी गई। घटना की सूचना मिलते ही सदर अस्पताल परिसर में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
परिजनों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए। इधर, पुलिस ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी तथा जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में नशा मुक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *