सागर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर ठगी के खिलाफ सख्ती, 2 करोड़ रुपये कराए होल्ड

0
3d96f57a6c14d113beffc8e7697f6aff

सागर{ गहरी खोज }: डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों के बीच मध्य प्रदेश की सागर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ठगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2026 में अब तक साइबर सेल ने करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी गई राशि को होल्ड और सीज कराने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस की इस सक्रियता से जहां अपराधियों के हौसले कमजोर पड़े हैं, वहीं आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा भी बढ़ा है। नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज 597 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक करीब 20 लाख रुपये पीड़ितों के खातों में वापस भी दिलाए हैं। शेष राशि को लौटाने की प्रक्रिया विधिक रूप से जारी है।
इन मामलों में साइबर सेल की टीम ने तकनीकी दक्षता के साथ अहम भूमिका निभाई। प्रधान आरक्षक सौरभ रैकवार, आरक्षक हेमेन्द्र सिंह और आरक्षक कुलदीप ठाकुर की टीम ने समन्वित प्रयासों से ठगी के पैसों को ट्रांजेक्शन के दौरान ही रोकने में सफलता हासिल की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थानों को साइबर अपराधों से निपटने के लिए हाई-टेक बनाया जा रहा है। साथ ही, साइबर सेल द्वारा नियमित प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीकों से अपडेट किया जा रहा है। पुलिस ने ‘गोल्डन आवर’ की अहमियत पर जोर देते हुए कहा है कि ठगी के तुरंत बाद शिकायत दर्ज कराने से रकम को ट्रांजेक्शन चैन में ही रोका जा सकता है। सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *