मुंबई इंडियंस को बुमराह के 4 ओवरों से आगे जवाब खोजने की जरूरत है: फाफ डू प्लेसिस

0
c99fed421a90572fdce9026ee952abab

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: साउथ अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी फाफ डू प्लेसिस ने मुंबई इंडियंस (एमआई) की गेंदबाजी अटैक का विश्लेषण करते हुए कहा कि टीम को जसप्रीत बुमराह का इस्तेमाल मैच की स्थिति और अहम मौकों के हिसाब से करना होगा। उन्होंने कहा कि टीम को यह भी देखना होगा कि बुमराह के अलावा बाकी गेंदबाज कैसा प्रदर्शन कर रहे हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस का गेंदबाजी अटैक पूरी तरह से बेबस नजर आया था। फिल साल्ट और विराट कोहली ने पहले विकेट के लिए 120 रनों की साझेदारी निभाई थी और एमाई के गेंदबाज पहले 10 ओवर में एक विकेट तक नहीं निकाल सके थे। आरसीबी ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 240 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए थे। बुमराह भी 4 ओवर के स्पेल में कोई भी विकेट नहीं निकाल सके थे। हालांकि, वह टीम के सबसे किफायती गेंदबाज रहे थे और उन्होंने 4 ओवर में 35 रन दिए थे। बुमराह पिछले 5 मुकाबलों में एक विकेट तक नहीं ले सके हैं। आईपीएल 2026 में बुमराह को पहले विकेट की अभी तलाश है।
फाफ डू प्लेसिस ने ‘जियोस्टार’ से बात करते हुए कहा, “जब आप गेंदबाजी अटैक को देखते हैं, खासकर 250 या उससे ज्यादा के हाई-स्कोरिंग मुकाबलों में, तो आपको यह देखना होगा कि बुमराह के चार ओवर के अलावा बाकी गेंदबाज कैसा प्रदर्शन कर रहे हैं। बुमराह आमतौर पर किफायती रहते हैं। यहीं पर मुंबई इंडियंस को जवाब ढूंढने की जरूरत है। टीम को बुमराह का इस्तेमाल अहम मौकों पर करके उनकी काबिलियत का ज्यादा से ज्यादा फायदा लेना होगा, लेकिन मजबूत बल्लेबाजी क्रम के लगातार हावी रहने से यह आसान नहीं होता। उन्हें बैठकर अपने तरीके पर फिर से सोचना होगा, खासकर पावरप्ले में, चाहे इसमें तकनीकी बदलाव हों या अलग खिलाड़ियों को टीम में लाना।”
241 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए एमआई को शुरुआत में ही झटका लगा जब सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा 13 गेंदों में 19 रन बनाने के बाद हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण रिटायर्ड हर्ट हो गए। रयान रिकेल्टन अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 22 गेंदों में 37 रन बनाने के बाद आउट हुए। वहीं, हार्दिक पांड्या ने 22 गेंदों में 6 चौके और एक छक्के की मदद से 40 रन बनाए। हालांकि, जरूरी रन रेट लगातार बढ़ता रहा, जिसके दबाव में हार्दिक अपना विकेट गंवा बैठे। अंत के ओवरों में शेरफेन रदरफोर्ड ने 31 गेंदों में 71 रनों की धमाकेदार पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। रदरफोर्ड ने अपनी पारी में कुल 9 छक्के लगाए।
रदरफोर्ड की प्रशंसा करते हुए फाफ डू प्लेसिस ने कहा, “शेरफेन रदरफोर्ड पिछले डेढ़ साल से बहुत अच्छा खेल रहे हैं और यह प्रदर्शन कोई हैरानी की बात नहीं है। उन्होंने टी20 लीग में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और अपने खेल में काफी सुधार किया है। उन्हें पहले कुछ मुकाबलों में थोड़ी दिक्कत हुई थी, लेकिन उन्होंने उन एरिया में काम किया है और अब वे काफी ज्यादा आत्मविश्वास के साथ खेल रहे हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *