टीसीएस ने 2026-27 में 25,000 नए स्नातकों को नौकरी की पेशकश दी, और भर्तियां मांग पर निर्भर:अधिकारी

0
muskan-dixit-8895236

मुंबई{ गहरी खोज }: देश की सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 25,000 नए स्नातकों (फ्रेशर) को नौकरी देने की पेशकश की है। कंपनी ने संकेत दिया है कि आगे कॉलेज स्नातकों की नियुक्तियां बाजार में मांग की स्थिति पर निर्भर करेंगी। टीसीएस के मुख्य कार्यकारी एवं प्रबंध निदेशक के कृतिवासन ने पीटीआई-भाषा के साथ साक्षात्कार में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में 44,000 नए स्नातकों की नियुक्ति की थी, जो देश में निजी क्षेत्र में किसी कंपनी द्वारा की गई भर्तियों का सबसे ऊंचा आंकड़ा है। उन्होंने कहा कि 2026-27 के दौरान हमने 25,000 नए स्नातकों को नौकरी देने की पेशकश की है। मांग पर स्थिति स्पष्ट होने के बाद हम और नियुक्तियां करेंगे।
पिछले तीन वर्षों से टीसीएस हर साल 40,000 से अधिक ‘फ्रेशर्स’ को नौकरी दे रही है। कृतिवासन ने कहा कि फिलहाल अनुभवी कर्मचारियों की भर्ती को बढ़ाने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने बताया कि नए स्नातकों को किसी परियोजना में जोड़ने से पहले करीब नौ महीने का प्रशिक्षण दिया जाता है, जबकि अनुभवी कर्मचारी तुरंत काम शुरू कर सकते हैं। ऐसे में भर्ती रणनीति पूरी तरह व्यावसायिक जरूरतों पर निर्भर करती है।
वित्त वर्ष 2025-26 में हुई लगभग 12,000 कर्मचारियों की छंटनी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कंपनी में अच्छा प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों के लिए लंबे समय तक करियर के अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कृत्रिम मेधा (एआई) का इस छंटनी से कोई सीधा संबंध नहीं था, बल्कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन के तरीके में बदलाव के कारण वरिष्ठ स्तर के कर्मचारियों की आवश्यकता कम हुई है।
कारोबारी माहौल पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि कंपनी के पास परियोजनाओं की पाइपलाइन ‘स्थिर’ है, जो वर्तमान वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों में सकारात्मक संकेत है। उन्होंने बताया कि नई मांग विभिन्न क्षेत्रों और भौगोलिक बाजारों से आ रही है, जिसमें लागत अनुकूलन और डिजिटल बदलाव से जुड़े सौदे शामिल हैं।
टीसीएस ने वित्त वर्ष 2025-26 में कुल 40 अरब डॉलर के नए अनुबंध हासिल किए हैं। उन्होंने कोई आंकड़ा दिए बिना कहा कि नए अनुबंधों को राजस्व में बदलने की दर भी बढ़ी है। कंपनी के मुख्य वित्त अधिकारी समीर सेकसरिया ने कहा कि टीसीएस विभिन्न उपायों से मुनाफा मार्जिन में वृद्धि पर ध्यान केंद्रित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *