सिग्नेचर ग्लोबल का शुद्ध कर्ज 77 प्रतिशत घटकर 200 करोड़ रुपये पर आया

0
sg-city-37d-logo-170468903970616_9

नयी दिल्ली{ गहरी खोज }: रियल एस्टेट कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल लिमिटेड का बेहतर नकदी प्रवाह के कारण वित्त वर्ष 2025-26 में शुद्ध कर्ज 77 प्रतिशत घटकर 200 करोड़ रुपये रह गया। सिग्नेचर ग्लोबल लिमिटेड द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 31 मार्च, 2026 तक कंपनी का शुद्ध कर्ज 200 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 31 मार्च, 2025 को 880 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने कहा कि 31 मार्च, 2026 तक उसके पास 2,770 करोड़ रुपये की नकदी और नकदी समकक्ष मौजूद हैं, जिससे उसका बही-खाता मजबूत बना हुआ है और भविष्य की योजनाओं के लिए बेहतर स्थिति तैयार हुई है।
कंपनी के चेयरमैन प्रदीप कुमार अग्रवाल ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने संतुलित और अनुशासित वृद्धि पर ध्यान दिया, जिसके परिणामस्वरूप शुद्ध कर्ज ऐतिहासिक रूप से निचले स्तर पर आ गया और परिचालन प्रदर्शन स्थिर रहा। बिक्री के मोर्चे पर कंपनी की बुकिंग वित्त वर्ष 2025-26 में 20 प्रतिशत घटकर 8,220 करोड़ रुपये रह गई, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 10,290 करोड़ रुपये थी। कंपनी ने इस दौरान 2,114 मकान बेचे, जबकि 2024-25 में यह संख्या 4,130 थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *