युवती ने फांसी लगाकर दे दी जान, प्रेमी विजय पर केस दर्ज

0
b3a78384ff2e8aab4d99221a352aa61a

पूर्वी सिंहभूम{ गहरी खोज }: सोनारी थाना क्षेत्र पुराना सोनारी की 27 वर्षीय युवती की आत्महत्या के मामले में उसके पिता बैजनाथ प्रसाद ने शुक्रवार को सिदगोड़ा निवासी विजय कुमार के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण (उकसाने) का मामला दर्ज कराया है। पिता का आरोप है कि युवक की बातों और व्यवहार से उनकी बेटी मानसिक रूप से आहत हो गई थी, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया।
घटना गांधी रोड,पुराना सोनारी की है। मृतका की पहचान पूजा कुमारी के रूप में हुई है। उसके पिता बैजनाथ प्रसाद ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि 9 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे पूजा ने घर के एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा,जहां वह पंखे से फंदे के सहारे लटकी मिली। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों के अनुसार,पूजा की शादी की बातचीत चल रही थी और हाल ही में परिवार वाले लड़का देखने गए थे। इस दौरान पूजा भी साथ थी। वहां से लौटने के बाद उसने अपने माता-पिता को बताया कि उसका एक युवक से प्रेम संबंध है और वह उसी से शादी करना चाहती है। बताया जाता है कि दोनों की मुलाकात चाईबासा में बीटेक की पढ़ाई के दौरान हुई थी।
घटना से एक दिन पहले पूजा की विजय कुमार से फोन पर बातचीत हुई थी। परिजनों का आरोप है कि इस बातचीत के दौरान युवक ने ऐसी बातें कही, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई थी। इसी तनाव में आकर उसने अगले दिन फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले की गहन छानबीन की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *