अपनी पहली और अंतिम यात्रा पर निकला टाइटैनिक जहाज

0
sewsw2w3456789

नयी दिल्ली { गहरी खोज }: ‘‘कभी न डूब सकने वाले’’ पोत के रूप में प्रचारित किए गए टाइटैनिक जहाज का 10 अप्रैल से गहरा नाता है। यह जहाज 10 अप्रैल के दिन ही ब्रिटेन के साउथहैंपटन बंदरगाह से अपनी पहली और अंतिम यात्रा पर रवाना हुआ था। वैसे टाइटैनिक जहाज का जिक्र आते ही इससे जुड़ी दुर्घटना के तमाम मंजर आंखों के सामने से गुजर जाते हैं। उस समय का सबसे बड़ा यात्री जहाज टाइटैनिक 2,208 यात्रियों को लेकर 10 अप्रैल 1912 को अपनी पहली यात्रा पर निकला था, लेकिन 14 अप्रैल को एक हिमखंड से टकराकर डूब गया, जिसमें 1500 से अधिक लोगों की मौत हो गई।
टाइटैनिक के मलबे को 1985 में खोजा गया। हादसे के बाद, कनाडा से 650 किलोमीटर की दूरी पर 3,843 मीटर की गहराई में पड़ा जहाज दो भागों में टूट गया था और दोनों हिस्से एक दूसरे से 800 मीटर दूर हो गए थे। चार दिन की यात्रा के बाद हुई यह दुर्घटना इतिहास की सबसे बड़ी शांतिकाल समुद्री आपदाओं में से एक है।

देश-दुनिया के इतिहास में 10 अप्रैल की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1847 : पुलित्जर पुरस्कारों के प्रणेता अमेरिकी पत्रकार एवं प्रकाशक जोसेफ पुलित्जर का जन्म।
1875 : स्वामी दयानंद सरस्वती ने आर्य समाज की स्थापना की।
1894 : भारतीय उद्योगपति घनश्यामदास बिड़ला का जन्म।
1912 : टाइटैनिक ब्रिटेन के साउथहैंपटन बंदरगाह से अपनी पहली और आखिरी यात्रा पर रवाना हुआ।
1916 : पहले गोल्फ टूर्नामेंट का पेशेवर तरीके से आयोजन।
1930 : पहली बार सिंथेटिक रबड़ का उत्पादन।
1972 : ईरान में भूकंप से लगभग पांच हजार लोगों की मौत।
1972 : जैविक हथियारों के विकास, उत्पादन और भंडारण पर जैविक हथियार संधि के जरिए रोक लगा दी गई। इस पर 150 से ज्यादा देशों ने हस्ताक्षर किए।
1973 : पाकिस्तान ने संविधान में संशोधन कर जुल्फिकार अली भुट्टो को राष्ट्रपति के स्थान पर प्रधानमंत्री बनाया।
1988 : पाकिस्तान के रावलपिंडी और इस्लामाबाद के बीच घनी आबादी वाले एक इलाके में सेना के शस्त्र भंडार में आग लगने से जानमाल का भारी नुकसान। कम से कम 90 लोगों की मौत, एक हजार से ज्यादा घायल।
1982 : भारत के बहुउद्देशीय उपग्रह इनसेट- 1 ए का सफल प्रक्षेपण।
1995 : भारत रत्न से सम्मानित भारत के पांचवें प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई का निधन।
2001 : नीदरलैंड ने एक विधेयक को मंजूरी देकर इच्छामृत्यु को मंजूरी दी। इस तरह का कानून बनाने वाला वह दुनिया का पहला देश बना।
2010 : पोलैंड वायुसेना का टू-154एम विमान रूस के स्मोलेंस्क के पास दुर्घटनाग्रस्त। पोलैंड के राष्ट्रपति लेच केजिस्की, उनकी पत्नी और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों समेत 96 लोगों की मौत।
2016 : केरल के पुत्तिंगल मंदिर में आग लगने से 100 से अधिक लोगों की मौत और 300 से अधिक लोग घायल हुए।
2018 : तिब्बत के कामदो सिटी की चागयाब कांउटी के आसुर से बुद्ध की करीब 1200 साल पुरानी एक शैल प्रतिमा (शिला पर बनी प्रतिमा) मिली। करीब 10 मीटर में फैली शिला पर बनी यह प्रतिमा तिब्बत के तुबो राजवंश के समय की है और इसका निर्माण नवीं सदी में किया गया था।
2021 : म्यांमा में सुरक्षा बलों ने एक दिन में सैन्य तख्तापलट के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले 82 लोकतंत्र समर्थकों को मार डाला।
2024 : हांगकांग की 16 मंजिला इमारत में आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई और 36 अन्य लोग घायल हो गए।
2025 : बिहार के कई जिलों में ओलावृष्टि, वज्रपात की चपेट में आने से 25 लोगों की मौत, उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में वर्षाजनित घटनाओं में 22 लोगों की मौत।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *