नीतीश ने 4954 नवनियुक्त एएनएम को सौंपा नियुक्ति पत्र, निष्ठा से काम करने को लेकर जताया विश्वास

0
1c3318f1d97bc1a621e9b403788694aa

पटना{ गहरी खोज }: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करने के पहले बुधवार को 4954 नवनियुक्त महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता (एएनएम) को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। पटना के शास्त्रीनगर स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में इन सभी को नियुक्ति पत्र दिया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से विनीता कुमारी, स्वाति कुमारी और रौशनी कुमारी को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त एएनएम को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेरा विश्वास है कि सभी नवनियुक्त कर्मी पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगी।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के अलावा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं नियुक्ति पत्र पाने वालीं एएनएम उपस्थित थीं। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने भी नव नियुक्त महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर विश्वास जताते हुए लिखा कि 4954 एएनएम नियुक्तियों के साथ बिहार का स्वास्थ्य तंत्र मजबूत होगा। उन्होंने आगे लिखा, “एएनएम कर्मचारी हर गांव और शहर में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन, प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल और रोगों की रोकथाम में अहम भूमिका निभाते हैं। इस नियुक्ति से बिहार का स्वास्थ्य तंत्र और अधिक सशक्त बनेगा और प्रदेश में स्वास्थ्य, जागरूक और समर्थ समाज की दिशा में मजबूती आएगी।”
उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि इनके समर्पण, निष्ठा और मेहनत से निश्चित ही बिहार के हर कोने तक सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और भरोसेमंद स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचेंगी। दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा के सदस्य के रूप में निर्वाचित हुए हैं। वे गुरुवार को दिल्ली जाने वाले हैं और शुक्रवार को उनके राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि वे राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करने के बाद मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा भी दे सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *