म्यूजिकल कॉमेडी के साथ मंच पर लौट रहे हैं अनुपम खेर, ‘जाने पहचाने अनजाने’ का हुआ ऐलान

0
f3fa6280fa7efcb7014d4d2e20a9a3fa43bfad0b735a94a339f0db09a31d3a64

मुंबई{ गहरी खोज }: अभिनेता अनुपम खेर जल्द ही रंगमंच पर अपने अभिनय का जादू बिखेरने जा रहे हैं। उनका आगामी म्यूजिकल कॉमेडी नाटक ‘जाने पहचाने अनजाने’ आने वाला है। यह नाटक रिश्तों, पहचान और आज के आधुनिक जीवन के मजेदार विरोधाभासों पर आधारित है। अभिनेता अनुपम खेर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें उन्होंने नाट के प्रीमियर डेट की घोषणा कीं। अभिनेता ने लिखा, “गर्व के साथ घोषणा। मुझे यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि मेरा नया नाटक ‘जाने पहचाने और अंजाने’ का विश्व प्रीमियर 12 अप्रैल 2026 को प्रतिष्ठित एनसीपीए में होगा।”
उन्होंने अपनी पोस्ट पर नाटक के संगीतकार और निर्देशक का नाम लेते हुए लिखा, “यह संगीत नाटक महान अनु मलिक द्वारा रचित है और प्रतिभाशाली गजेंद्र अहिरे द्वारा लिखा एवं निर्देशित किया गया है। यह लंबे समय से किए गए प्यार भरे प्रयास का परिणाम है। हर पल, हर नोट, हर शब्द पूरी लगन और उद्देश्य के साथ तैयार किया गया है।”
यह नाटक सिर्फ एक कहानी नहीं है बल्कि दर्शकों का अपना प्रतिबिंब है। इसमें उनके रिश्ते, यादें और भावनाएं मंच पर जीवंत होकर सामने आएंगी। अनुपम खेर ने इस प्रोजेक्ट को लंबे समय की मेहनत का नतीजा बताया। उन्होंने बताया कि हर शब्द, हर नोट और हर पल को पूरी लगन से तैयार किया गया है।
उन्होंने दर्शकों को पहले दिन, पहले शो पर आमंत्रित किया और लिखा, “इस यात्रा के पहले प्रदर्शन पर आमंत्रित करके सच में बहुत खुश हूं। आइए…साथ मिलकर कुछ सुंदर अनुभव करें। जय हो।” यह नाटक कॉमेडी शैली में है, जो परिवार, दोस्ती और जीवन की छोटी-छोटी उलझनों को हल्के-फुल्के अंदाज में दिखाएगा। इसमें मेघना मलिक, माया शर्मा, विकास रावत, श्रद्धा मंडले और हर्मन डी’सूजा जैसे कलाकार नजर आएंगे। ये सभी कलाकार नाटक में हास्य, ऊर्जा और भावनात्मक गहराई जोड़ेंगे।
अनुपम भले ही फिल्मों के जरिए देश-विदेश के दर्शकों को दीवाना बना चुके हैं लेकिन उन्हें रंगमंच पर ही काम करना बहुत अच्छा लगता है। उनका मानना है कि थिएटर में कला को प्रदर्शित करने का मतलब अपनी कला को और भी ज्यादा निखारना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *